महिला को रेफर करने पर उपाधीक्षक ने डॉक्टर से मांगा स्पष्टीकरण

सदर अस्पताल में मनमाने तरीके से मरीजों को रेफर करने के मामले में कार्रवाई
सदर अस्पताल में मनमाने तरीके से मरीजों को रेफर करने के मामले में कार्रवाई प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा सदर अस्पताल में संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद प्रसूता महिला को रेफर किये जाने के मामले में स्वास्थ्य प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है. अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ मेहरून यामिनी ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सा पदाधिकारी डॉ माया पांडेय से स्पष्टीकरण मांगा है. बता दें कि यह खबर प्रभात खबर में शनिवार को प्रमुखता से प्रकाशित की गयी थी, जिसे बाद कार्रवाई की गयी है. मामला गढ़वा जिले के चिनियां प्रखंड अंतर्गत राजबस गांव निवासी एक आदिम जनजाति परिवार से जुड़ा है. जानकारी के अनुसार, जितेंद्र कोरवा की पत्नी मंजू कुमारी 14 जनवरी को प्रसव पीड़ा होने पर गढ़वा सदर अस्पताल पहुंची थीं. परिजनों का आरोप है कि उस समय ड्यूटी पर तैनात डॉ माया पांडेय मरीज को देखने नहीं आयीं. इसके बाद रात करीब दस बजे चिकित्सकों ने यह कहकर मंजू कुमारी को मेदिनीनगर रेफर कर दिया कि गर्भ में बच्चा गंदा पानी पी चुका है और यहां सुरक्षित प्रसव संभव नहीं है. रात के समय रेफर किये जाने से पीड़ित परिवार की परेशानी और बढ़ गयी. मंजू कुमारी के पति जितेंद्र कोरवा ने बताया कि वे अत्यंत गरीब हैं और बाहर इलाज कराने में असमर्थ हैं. उन्होंने अस्पताल में ही इलाज की गुहार लगायी, इसके बावजूद रेफर की प्रक्रिया पूरी कर दी गयी. इस पूरे मामले की जानकारी जब गढ़वा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष बबलू पटवा को मिली, तो उन्होंने सदर अस्पताल की उपाधीक्षक से संपर्क कर मामले की गंभीरता बताते हुए गरीब आदिम जनजाति महिला का इलाज अस्पताल में ही कराने की मांग की. चैंबर अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद डॉ प्रतिमा एवं सर्जन डॉ नौशाद की देखरेख में गढ़वा सदर अस्पताल में ही महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया. अस्पताल प्रबंधन ने मरीज के भर्ती रहने के बावजूद चिकित्सक द्वारा देखने नहीं आने के आरोप को गंभीर माना है. उपाधीक्षक डॉ मेहरून यामिनी ने बताया कि संबंधित चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा गया है और जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




