डेढ़ लाख के जेवर ले भाग रहे दो लुटेरे धराये

Updated at : 09 Dec 2017 4:39 AM (IST)
विज्ञापन
डेढ़ लाख के जेवर ले भाग रहे दो लुटेरे धराये

चौका के राणा ज्वेलर्स में हुई घटना, नीमडीह पुलिस ने पितकी गेट के पास दबोचा चांडिल/आदित्यपुर : पिछले दिनों एक सप्ताह के अंदर आदित्यपुर के दो दुकानदारों से छह लाख रुपये के आभूषण उड़ाने वाले दो लुटेरों को पुलिस ने नीमडीह के पास सुबह उस वक्त पीछा कर दबोच लिया जब वे चौका की एक […]

विज्ञापन

चौका के राणा ज्वेलर्स में हुई घटना, नीमडीह पुलिस ने पितकी गेट के पास दबोचा

चांडिल/आदित्यपुर : पिछले दिनों एक सप्ताह के अंदर आदित्यपुर के दो दुकानदारों से छह लाख रुपये के आभूषण उड़ाने वाले दो लुटेरों को पुलिस ने नीमडीह के पास सुबह उस वक्त पीछा कर दबोच लिया जब वे चौका की एक ज्वेलरी दुकान से डेढ़ लाख के आभूषण लूटकर बाइक से भाग रहे थे. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार राणा ज्वेलर्स के मालिक प्रदीप कुमार राणा प्रतिदिन की तरह घर से झोले में जेवरात व अन्य सामान लेकर सुबह करीब साढ़े 10 बजे दुकान खोलने चौका मोड़ पहुंचे. उन्होंने दुकान खोलकर झाड़ू लगाया और पास के दुकानदार को सामान देखने के लिए कहकर पूजा के लिए पानी लाने पास के चापाकल की ओर चले गये.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी बीच एक नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर बाइक आकर रुकी. एक बाइक सवार चालू बाइक पर रहा, जबकि दूसरा युवक ने दुकान में जाकर वहां रखे जेवरात से भरे बैग को उठा लिया. उसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर एनएच 33 होते हुए चांडिल की ओर भाग निकले.
तब तक आस-पास के दुकानदारों ने शोर मचाना शुरू कर दिया. कुछ लोग लुटेरों के पीछे भागे. लेकिन लुटेरों की रफ्तार ज्यादा होने के कारण पीछा नहीं कर पाये. इस बीच स्थानीय दुकानदारों ने घटना की सूचना चांडिल के एसडीपीओ संदीप भगत को दी. एसडीपीओ ने लुटेरों का पीछा करते हुए नीमडीह पुलिस को सूचना दी. सूचना के बाद हरकत में आयी नीमडीह पुलिस ने पितकी गेट के पास बाइक पर भाग रहे लुटेरों को लूटे हुए आभूषणों व बाइक सहित धर दबोचा.
आभूषण दुकान में लूट की खबर मिलते ही चौका पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की और दुकानदारों से पूछताछ की. राणा ज्वेलर्स के मालिक प्रदीप ने बताया कि उनके बैग मे करीब 50 हजार रुपये के सोने के आभूषण, 50 हजार के चांदी के आभूषण और रिपेयरिंग के लिए रखे ग्राहकों के करीब 50 हजार मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण थे.
गिरोह में चार सदस्य, दो की तलाश जारी : एसपी
– आरोपियों ने कबूली आदित्यपुर के दो दुकानदारों से लूट की बात
लुटेरों के पकड़े जाने के बाद एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने प्रेस कांफ्रेंस कर मीडिया को बताया कि शुक्रवार सुबह राणा ज्वेलर्स से आभूषण से भरा थैला लेकर भाग रहे ओड़िशा के जाजपुर जिला निवासी ईश्वर प्रधान व माइकल विजय को पितकी रेलवे फाटक के समीप पकड़ लिया गया. उन्होंने बताया कि पकड़े गये आरोपियों ने आदित्यपुर में हुए आभुषण के लूट में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. गिरोह में दो और अपराधी शामिल हैं जिनकी तलाश की जा रही है.
पुलिस ने बताया कि ओड़िशा का चार सदस्यीय गिरोह पिछले कुछ दिनों से जेवर दुकानों को निशाना बना रहा था. गिरोह के लोग पहले दुकान व मालिकों की रेकी कर उनकी सारी गतिविधियां जानते थे, उसके बाद घटना को अंजाम देते थे. 30 नवंबर को आदित्यपुर के न्यू दुर्गा ज्वेलर्स से दो लाख के आभूषण व 7 दिसंबर को लक्ष्मी आभूषण से करीब 4 लाख के आभूषणों से भरे थैले इसी गिरोह ने उड़ाये थे.
इन्होंने निभाई अहम भूमिका
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप भगत, पुलिस निरीक्षक सियाशरण प्रसाद, थाना प्रभारी चांडिल आदिकांत महतो, थाना प्रभारी चौका तुलेश्वर कुशवाहा, नीमडीह थाना प्रभारी, नीमडीह थाना के एएसआइ कृष्णादेव प्रसाद.
बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण व पल्सर जब्त
ओड़िशा के जाजपुर जिले के हैं दोनों लुटेरे
एएसआइ को घूस देकर निकलना चाहते थे लुटेरे
घटना के बाद जिले भर में नाकेबंदी के दौरान नीमडीह थाना के एएसआइ कृष्णादेव प्रसाद पितकी रेलवे फाटक के समीप वाहनों की जांच कर रहे थे. इसी दौरान चौका से जेवर भरा बैग लेकर भागे युवक पकड़ में आये. युवकों ने खुद को जेवर दुकान का मालिक बताते हुए एएसआइ पांच हजार रुपये घूस देकर मामला निपटाने की कोशिश की. लेकिन एएसआइ उनकी गतिविधियों से ताड़ गये और दोनों को धर दबोचा.
राणा ज्वेलर्स से आभूषण से भरा थैला लेकर भाग रहे ओड़िशा के जाजपुर जिला निवासी ईश्वर प्रधान व माइकल विजय को पितकी रेलवे फाटक के समीप पकड़ लिया गया. गिरोह में दो और अपराधी हैं जिनकी तलाश जारी है.
चंदन कुमार सिन्हा, एसपी, सरायकेला-खरसावां
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola