लीड: बंद खदान में स्नान के दौरान पांच साल का मासूम डूबा, अंधेरे की वजह से रात भर ठप रही तलाश
Published by : ANAND JASWAL Updated At : 02 May 2026 8:19 PM
दुमका: शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के चितरागड़िया गांव की घटना
संवाददाता, दुमका ; जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरागड़िया गांव में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया. गांव स्थित 15 वर्ष पुराने बंद पत्थर खदान के गहरे पानी में स्नान के दौरान पांच वर्षीय बालक डूब गया. अंधेरा होने के कारण देर रात तक तलाश ठप रही, जबकि गोताखोर टीम को सूचना दे दी गयी है. जानकारी के अनुसार आयन अंसारी अपनी मां के साथ खदान में स्नान करने गया था. मां कपड़ा धोने में व्यस्त थी, तभी खेलते-खेलते बालक अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते ओझल हो गया. कुछ ही पलों में वहां चीख-चीत्कार मच गयी. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गये और बालक की तलाश शुरू कर दी. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर खोजबीन की, लेकिन खदान का जलस्तर अत्यधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी. थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए गोताखोर टीम को बुलाया गया है. अंधेरा होने की वजह से शनिवार को तलाश अभियान आगे नहीं बढ़ सका. रविवार सुबह गोताखोरों की मदद से सघन खोज अभियान चलाया जायेगा. बताया गया कि आयन अंसारी अपने ननिहाल आया हुआ था. अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे चितरागड़िया गांव में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने बंद खदानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए ऐसे खतरनाक स्थलों की घेराबंदी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके. हाइलार्ट्स : शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के चितरागड़िया गांव की घटना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










