ePaper

भारत माता की जय के नारों से माहौल गुंजायमान

Updated at : 27 Jan 2026 11:45 PM (IST)
विज्ञापन
भारत माता की जय के नारों से माहौल गुंजायमान

दुमका जिले के शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, व्यापारिक संस्थाओं और धार्मिक शिक्षण केंद्रों में झंडोत्तोलन के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए.

विज्ञापन

दुमका. जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया. जिले के शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, व्यापारिक संस्थाओं और धार्मिक शिक्षण केंद्रों में झंडोत्तोलन के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए. चारों ओर देशप्रेम और भारत माता की जय के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा. सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रशासनिक भवन-1 के समक्ष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो कुनुल कंदीर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इससे पूर्व उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित वीर सिदो-कान्हु की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए. इसके बाद कुलपति ने अपने आवासीय कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया. ध्वजारोहण के पश्चात उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और हमें अपने संविधान पर गर्व है. संविधान समाज के सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा करता है और साथ ही नागरिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है. उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट तथा महिला शिक्षा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहरायी. साथ ही छात्रों से गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की. दुधानी क्षेत्र में भी 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया. रौनियार वैश्य परिषद के अध्यक्ष प्रकाश प्रसाद ने ध्वज फहराया. इस अवसर पर समाज के सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम में नारी शक्ति के रूप में सिंपल साह, पूनम साह, प्रीति कुमारी और निर्मला कुमारी सहित कई महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही. वहीं श्री रामनाथ साह, कालिका साह, मनोज कुमार साह, जितेंद्र साह, राजेंद्र साह, महेंद्र साह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया. चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा स्थानीय अग्रसेन भवन चौक पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां राष्ट्रीय ध्वज फहराने का गौरव चैंबर्स के अध्यक्ष मुस्ताक अली उर्फ खोखन दा को प्राप्त हुआ. जिला क्रिकेट संघ द्वारा एटीम ग्राउंड में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया, जिसमें संघ के अध्यक्ष भास्कर अजीत सिंह ने झंडोत्तोलन किया. शैक्षणिक संस्थानों में भी गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया. एसपी महिला कॉलेज में डॉ बसंत कुमार गुप्ता, एसपी कॉलेज में डॉ खिरोधर प्रसाद यादव, एएन कॉलेज में प्राचार्य डॉ संजय कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया. बंदरजोरी स्थित लिटिल स्टेप्स पब्लिक स्कूल में निदेशक माधव पंडित, एसएस विद्या विहार में निशांत विक्रम सिंह, ग्रीन माउंट एकेडमी में करूण कुमार राय व सिदो कान्हू हाई स्कूल में प्रदीप्त मुखर्जी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. अटल बिहारी वाजपेयी बस पड़ाव में संताल परगना मोटर मजदूर संघ के अध्यक्ष अरुण सिंह ने तिरंगा फहराया.

राजनीतिक व सामाजिक संगठनों की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित किए गए. पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने अपने आवास एवं संवाद केंद्र में झंडा फहराया. आजसू पार्टी के जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष सुजीत मुर्मू ने ध्वजारोहण किया. अन्य समारोह में कार्यकारी अध्यक्ष सह गोड्डा जिला प्रभारी सचिन कुशवाहा ने, अरबिंद वर्मा ने डॉ राजेंद्र स्मारक स्थल पर तथा मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने मारवाड़ी चौक में झंडा फहराया. दुमका के लखीकुंडी स्थित मदरसा ‘हुसैनिया खैरुल इस्लाम’ के प्रांगण में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर हाजी हारून रशीद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इस मौके पर मदरसा परिसर में “हम और हमारा संविधान” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें मदरसा के शिक्षार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रिजवान, द्वितीय स्थान पर वलीउल्लाह और इकरामूल संयुक्त रूप से तथा तृतीय स्थान पर आतिफ, सोहेल और शाहनवाज संयुक्त रूप से विजयी रहे. कार्यक्रम को सफल बनाने में मौलाना मोहम्मद अबू बकर, हबीबुल्लाह, मोहम्मद अली, हाफिज फिरदौस, मोहतमीम कारी जुलकरनैन, अनवरावुल हक, अब्दुल गफ्फार, मुदस्सिर, अशफाक सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

विज्ञापन
BINAY KUMAR

लेखक के बारे में

By BINAY KUMAR

BINAY KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola