आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल ने संभाली संताल परगना की कमान, लंबित जमीन मामलों पर रहेगा फोकस
नवनियुक्त आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल | Prabhat Khabar Network
शैलेन्द्र कुमार लाल ने संताल परगना आयुक्त का पदभार संभाला. आम लोगों की समस्याओं का समाधान, विकास और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर रहेगा मुख्य ध्यान. जानिए...
प्रतिनिधि, दुमका कोर्ट.संताल परगना के नवनियुक्त आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल ने सोमवार को दुमका स्थित आयुक्त कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, विकास एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और वर्षों से लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा.
आपके शहर में
पदभार ग्रहण के अवसर पर दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा समेत प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने नवनियुक्त आयुक्त का स्वागत किया.
22 वर्ष बाद फिर दुमका लौटे आयुक्त
शैलेन्द्र कुमार लाल का दुमका से पुराना संबंध रहा है. करीब 22 वर्ष पूर्व वे दुमका में प्रखंड विकास पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. लंबे अंतराल के बाद उसी क्षेत्र में नयी प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ लौटने पर उन्होंने अपने पुराने अनुभवों को भी साझा किया.
उन्होंने कहा कि दुमका में पूर्व में कार्य करने के अनुभव का लाभ लेते हुए नयी जिम्मेदारी को बेहतर ढंग से निभाने का प्रयास करेंगे. पुराने कार्यक्षेत्र में नयी भूमिका में वापसी को लेकर भी उन्होंने सकारात्मक भाव व्यक्त किया.
छह जिलों में बेहतर समन्वय पर रहेगा जोर
मीडिया से बातचीत में आयुक्त ने कहा कि संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों में प्रशासनिक पदाधिकारियों की बेहतर टीम काम कर रही है. उनका प्रयास रहेगा कि लोक कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर ढंग से और निर्धारित समय पर हो.
उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का ससमय निदान सुनिश्चित करने के साथ उनकी आकांक्षाओं और भावनाओं का भी पूरा ख्याल रखा जायेगा. सभी अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पूरे संताल परगना को विकास के क्षेत्र में आगे ले जाने का प्रयास होगा.
लंबित जमीन मामलों का प्राथमिकता से होगा निष्पादन
संताल परगना में बड़ी संख्या में लंबित जमीन मामलों के संबंध में पूछे गये सवाल पर आयुक्त ने कहा कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का प्रयास किया जायेगा. उनके इस बयान से वर्षों से लंबित भूमि विवाद और राजस्व मामलों के शीघ्र निपटारे की उम्मीद जगी है.
आयुक्त ने कहा कि हर प्रशासनिक पद अपने साथ अलग तरह की चुनौतियां लेकर आता है. अभी सभी परिस्थितियों और मामलों को समझने के बाद बेहतर कार्य करने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने आम लोगों की समस्याओं के समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए