ePaper

एसकेएमयू का दीक्षांत समारोह आज कन्वेंशन सेंटर में, राज्यपाल करेंगे शिरकत

Updated at : 16 Nov 2025 10:54 PM (IST)
विज्ञापन
एसकेएमयू का दीक्षांत समारोह आज कन्वेंशन सेंटर में, राज्यपाल करेंगे शिरकत

एसकेएमयू के नौवें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मेडल वितरण करेंगे. कुलपति ने बताया कि समारोह की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है.

विज्ञापन

दुमका. सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय का नौवां दीक्षांत समारोह सोमवार 17 नवंबर को दुमका के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा. इसमें राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मुख्य रूप से शिरकत करेंगे. इस बाबत आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में कुलपति प्रोफेसर डॉ कुनुल कंदीर ने बताया कि समारोह की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. समारोह में जिन छात्र-छात्राओं को उपाधियां व गोल्ड मेडल प्रदान किये जाने हैं, उनका पंजीकरण कर लिया गया है. वहीं एकेडमिक प्रोसेशन का फाइनल रिहर्सल भी करा लिया गया है. दीक्षांत समारोह में इस बार भी भारतीय पारंपरिक परिधान की झलक देखने को मिलेगी. समारोह में डिग्री या मेडल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं पारंपरिक वेशभूषा- कुर्ता-पायजामा, सलवार-कुर्ता या साड़ी में नजर आएंगे. दिशा-निर्देशों के अनुसार, पुरुष विद्यार्थियों के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा और महिला विद्यार्थियों के लिए सफेद सलवार-सूट या लाल बॉर्डर वाली सफेद अथवा हाफ-व्हाइट साड़ी पहनना अनिवार्य होगा. परिजनों को सभागार में प्रवेश की इजाजत नहीं होगी.

एयरपोर्ट से सीधे कन्वेंशन सेंटर ही पहुंचेंगे राज्यपाल :

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ राजीव रंजन शर्मा ने बताया कि राज्यपाल सह कुलाधिपति हेलीकाॅप्टर से रांची से दुमका पहुंचेंगे. उनका दुमका एयरपोर्ट पर आगमन 9.40 बजे होगा. वे 9.50 बजे पूर्वाह्न कार्यक्रम स्थल कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे और कार्यक्रम में शामिल होंगे. वे विश्वविद्यालय के इस कार्यक्रम में कुल एक घंटे पचपन मिनट रहेंगे. उसके उपरांत वे दुमका एयरपोर्ट से देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां डुमरतांड़ में दिल्ली पब्लिक स्कूल देवघर के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे. वहां से वे देवघर परिसदन जायेंगे और फिर देवघर एयरपोर्ट से रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची के लिए अपराह्न 2.50 बजे प्रस्थान कर जाएंगे.

78 छात्रों को स्वर्ण पदक व 37 शोधार्थियों को मिलेगी उपाधि :

इस नौवें दीक्षांत समारोह के अवसर पर यूजी-पीजी के कुल 78 छात्रों को स्वर्ण पदक तथा 37 पीएचडी शोधार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी. जबकि एक छात्र को बेस्ट ग्रेजुएट का अवार्ड दिया जायेगा. इस बार के दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय द्वारा सर्वश्रेष्ठ स्नातक के रूप में तृप्ति शोभा मरांडी को सम्मानित किया जाएगा. वह सेंट जेवियर्स कॉलेज महारो की गणित विभाग की यूजी सत्र 2021–24 की छात्रा रही हैं और उन्होंने अपने सत्र में सर्वोत्तम अंक प्राप्त किए हैं. पदक प्राप्त करने वाले छात्रों की सूची लगभग एक माह पूर्व आपत्तियों के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की गयी थी. प्राप्त आपत्तियों के निराकरण के बाद विश्वविद्यालय ने अंतिम सूची तैयार की तथा उसका पंजीकरण किया. विभिन्न परीक्षाओं में सफल 33697 छात्रों को इन अबसेंशिया डिग्री प्रदान की जाएगी. मौके पर परीक्षा नियंत्रक डॉ रीना नीलिमा लकड़ा, डीन डॉ पीपी सिंह, ओएसडी परीक्षा डॉ इंद्रनील मंडल, डॉ अजय सिन्हा व पीआरओ दीपक कुमार दास मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
BINAY KUMAR

लेखक के बारे में

By BINAY KUMAR

BINAY KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola