मासूम की जिंदगी लील गया जहरीला सांप, खेलते-खेलते दो वर्षीय बच्चे की मौत

प्रतीकात्मक फोटो | Prabhat Khabar Network
झारखंड के काठीकुंड में घर के आंगन में खेल रहे दो साल के मासूम को जहरीले सांप ने डंस लिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पूरे गांव में शोक की लहर है।
प्रतिनिधि, काठीकुंड: काठीकुंड थाना क्षेत्र की झिकरा पंचायत के झिकरा गांव के गांडी टोला में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. घर के आंगन में खेल रहे दो वर्षीय मासूम की जहरीला सांप डंसने से मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मिली जानकारी के अनुसार गांव के चार्ल्स हांसदा का दो वर्षीय पुत्र आदित्य हांसदा शुक्रवार सुबह अपने घर के आंगन में खेल रहा था. खेलते समय अचानक वह जोर-जोर से रोने लगा. ग्रामीणों ने बताया कि आंगन में बने दीवार की जोड़ाई के पास एक छोटे से बिल में मौजूद सांप ने बच्चे को डंस लिया था. बच्चे की चीख सुनकर उसकी मां दौड़कर मौके पर पहुंची. उसने देखा कि बच्चे की अंगुली पर सांप के काटने जैसा निशान था. इसके बाद परिजनों को आशंका हुई कि किसी जहरीले सांप ने मासूम को डंस लिया है. परिजन आनन-फानन में आदित्य को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काठीकुंड लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मां का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है. घटना के बाद झिकरा गांडी टोला में मातम पसरा हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










