शिलान्यास के एक माह बाद भी सड़क निर्माण कार्य ठप,जमीन के पेच में अटका काम

Updated:
विज्ञापन

पहाड़िया टोला तक सड़क निर्माण हेतु किया गया शिलान्यास | Prabhat Khabar Network

PM जनमन योजना के तहत 54 लाख की सड़क का निर्माण रुका. जमीन अधिग्रहण विवाद सुलझने का इंतजार, ग्रामीणों को पक्की सड़क की आस.

विज्ञापन

रानीश्वर. जमीन अधिग्रहण का मामला सुलझ नहीं पाने के कारण शिलान्यास के करीब एक माह बाद भी पीएम जनमन योजना के तहत प्रस्तावित सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. मामला सदर प्रखंड दुमका के रानीबहाल पंचायत का है. दुमका-सिउड़ी मुख्य सड़क से रानीबहाल मंगलापोखर होते हुए आमबागान तक 5.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण होना है. करीब 54 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का शिलान्यास 11 जुलाई 2026 को सांसद नलिन सोरेन ने किया था.

आपके शहर में

विज्ञापन

पहाड़िया बस्तियों को सड़क से जोड़ने की है योजना

प्रस्तावित सड़क का मुख्य उद्देश्य पहाड़िया बस्तियों तक बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है. लेकिन दुमका-सिउड़ी मुख्य सड़क से पहाड़िया टोला तक सड़क निर्माण के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण योजना आगे नहीं बढ़ पा रही है.

बताया जा रहा है कि प्रस्तावित मार्ग में सरकारी जमीन के बजाय जमाबंदी जमीन पड़ रही है. जमीन मालिकों से सहमति नहीं बनने के कारण निर्माण कार्य शुरू करने में बाधा उत्पन्न हो रही है.

ग्रामीणों ने चंदा कर जमीन उपलब्ध कराने का किया प्रयास

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पहाड़िया समुदाय के लोगों ने अपने स्तर से चंदा जुटाकर कुछ जमीन मालिकों को राशि देकर सड़क निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने का प्रयास किया है. इसके बावजूद सड़क के कुछ हिस्से के लिए जमीन की व्यवस्था नहीं हो सकी है.

ग्रामीणों का कहना है कि जहां जमीन उपलब्ध नहीं हो पा रही है, वहां विभागीय स्तर से जमीन अधिग्रहण किया जाए या जमीन मालिकों को उचित मुआवजा देकर निर्माण का रास्ता साफ किया जाए.

मुआवजे की मांग पर संवेदक को रोकना पड़ा काम

बताया गया कि संवेदक की ओर से कुछ दिन पहले सड़क निर्माण शुरू करने का प्रयास किया गया था. लेकिन जमीन मालिकों ने मुआवजे के भुगतान की मांग करते हुए काम रुकवा दिया. इसके बाद से निर्माण कार्य ठप पड़ा है.

शिलान्यास के बाद भी काम शुरू नहीं होने से ग्रामीणों को पक्की सड़क की सुविधा मिलने का इंतजार करना पड़ रहा है.

चंदा जुटाने के बाद भी नहीं सुलझा जमीन का पेच

ग्रामीण बिजु पुजहर ने बताया कि पहाड़िया समुदाय के लोगों ने चंदा कर जमीन की व्यवस्था करने का प्रयास किया है. कुछ दूरी तक जमीन की व्यवस्था नहीं हो सकी है. इसके लिए विभाग को पहल करनी चाहिए, ताकि सड़क निर्माण शुरू हो सके और पहाड़िया समुदाय के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके.

उन्होंने कहा कि सड़क के अभाव में ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है. बरसात के दिनों में समस्या और बढ़ जाती है. ऐसे में पीएम जनमन योजना के तहत प्रस्तावित सड़क का निर्माण जल्द पूरा होना ग्रामीणों के लिए बेहद जरूरी है.

पहले भी अधूरा रह चुका है सड़क निर्माण का प्रयास

ग्रामीणों के अनुसार, पहाड़िया टोला तक पक्की सड़क पहुंचाने के लिए पहले भी प्रयास किया जा चुका है. ग्रामीण कार्य विभाग, दुमका की ओर से इसके लिए निविदा आमंत्रित की गयी थी. उस समय बांदरकोंदा से पहाड़िया टोला की ओर सड़क निर्माण शुरू हुआ, लेकिन टोला तक पहुंचने से पहले ही काम समाप्त हो गया.

ग्रामीणों का कहना है कि उस समय भी पहाड़िया टोला तक सड़क निर्माण के लिए पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं होने की समस्या सामने आयी थी.

पहाड़िया टोला तक सड़क निर्माण हेतु किया गया शिलान्यास | Prabhat Khabar Network
पहाड़िया टोला तक सड़क निर्माण हेतु किया गया शिलान्यास | Prabhat Khabar Network

प्रशासन से जमीन की समस्या दूर करने की मांग

अब पीएम जनमन योजना के तहत एक बार फिर पहाड़िया टोला को सड़क सुविधा से जोड़ने की पहल की गयी है. लेकिन शिलान्यास के करीब एक माह बाद भी जमीन का पेच दूर नहीं होने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है.

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर जमीन की समस्या का समाधान कराने, आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने और सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है.


विज्ञापन
साधन सेन

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola