2642 वोटरों को नोटिस! SIR-2003 में मैपिंग नहीं, अब दस्तावेजों से होगा सत्यापन
नोटिस वितरण कार्य का निरीक्षण करते बीडीओ | Prabhat Khabar Network
रानीश्वर में 2642 अनमैप्ड मतदाताओं को SIR-2003 सूची से मैपिंग न होने पर नोटिस जारी. दस्तावेजों के साथ सुनवाई में उपस्थित होना अनिवार्य.
रानीश्वर. विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत रानीश्वर प्रखंड में अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. बुधवार को सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने प्रखंड क्षेत्र में बीएलओ द्वारा किये जा रहे नोटिस वितरण कार्य का निरीक्षण किया.
आपके शहर में
इस दौरान उन्होंने पाथरा पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 239 तथा सुखजोड़ा पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 238 और 236 का निरीक्षण किया. संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस उपलब्ध कराया जा रहा था.
97 मतदान केंद्रों के 2642 मतदाता चिह्नित
बताया गया कि रानीश्वर प्रखंड में कुल 97 मतदान केंद्र हैं. इन मतदान केंद्रों पर 2642 ऐसे मतदाताओं को चिह्नित किया गया है, जिनकी एसआइआर-2003 की मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो सकी है.
इन सभी अनमैप्ड मतदाताओं को बीएलओ के माध्यम से नोटिस दिया जा रहा है. नोटिस में संबंधित मतदाताओं को सुनवाई की तिथि और स्थान की जानकारी दी जा रही है.
दस्तावेजों के साथ सुनवाई में उपस्थित होने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा ने संबंधित मतदाताओं से बातचीत कर नोटिस वितरण की जानकारी ली. उन्होंने मतदाताओं को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में अपना नाम बनाए रखने के लिए नोटिस में निर्धारित तिथि और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित हों.
उन्होंने कहा कि सुनवाई के दौरान प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर संबंधित मतदाता की स्थिति का नियमानुसार सत्यापन किया जायेगा. इसलिए सभी संबंधित मतदाताओं को निर्धारित समय पर उपस्थित होना जरूरी है.
एक भी पात्र मतदाता नोटिस से वंचित न रहे
बीडीओ ने बीएलओ को निर्देश दिया कि नोटिस वितरण का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत गंभीरता से पूरा किया जाये. कोई भी संबंधित मतदाता नोटिस प्राप्त करने से वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया.
उन्होंने बीएलओ को मतदाताओं को पूरी प्रक्रिया की जानकारी देने और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जागरूक करने का निर्देश दिया.
मतदाताओं की सहभागिता जरूरी
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया में संबंधित मतदाताओं की सहभागिता बेहद जरूरी है. सभी अनमैप्ड मतदाता नोटिस में दी गयी तिथि और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सुनवाई में भाग लें, ताकि उनकी स्थिति का नियमानुसार सत्यापन किया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By साधन सेन
वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए