दुमका में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया झंडोत्तोलन: बोले- संताल परगना के जिले बनेंगे एक्सपोर्ट हब
दुमका में झंडोत्तोलन करते और परेड का निरीक्षण करते राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार | Prabhat Khabar Network
दुमका में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्वतंत्रता दिवस पर झंडोत्तोलन किया.उन्होंने युवाओं, किसानों और राज्य के विकास के लिए नई योजनाओं की घोषणा की.
दुमका: 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को उपराजधानी दुमका के पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झंडोत्तोलन किया. इससे पहले उन्होंने संयुक्त परेड गारद का निरीक्षण किया. अपने संबोधन में राज्यपाल ने झारखंड के विकास, युवाओं, किसानों, महिलाओं, जनजातीय समाज, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा. उन्होंने कहा कि इस राज्य और देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है. राज्यपाल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों से संकल्प लेने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के पूरे अवसर देने होंगे. जनजातीय एवं वंचित समाज के विकास को प्राथमिकता देनी होगी तथा युवाओं के सपनों, प्रतिभा एवं परिश्रम का सम्मान करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के हरसंभव अवसर उपलब्ध कराने होंगे..
संताल परगना के सभी जिले बनेंगे एक्सपोर्ट हब

राज्यपाल ने संताल परगना के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण बात कही. उन्होंने बताया कि संताल परगना के सभी जिलों को एक्सपोर्ट हब के रूप में विकसित करने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है. निर्यात योग्य उत्पादों को चिह्नित किया गया है और इसके प्रभावी अनुश्रवण के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में विशेष समिति का गठन किया गया है. उन्होंने संताल परगना के युवाओं से स्थानीय संसाधनों और अपनी प्रतिभा को उद्यमिता से जोड़कर नए अवसर पैदा करने का आह्वान किया.
लोकतंत्र में जनता का विश्वास सबसे बड़ी पूंजी

राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास सबसे बड़ी पूंजी है. योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना, प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह बनाना और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाना सुशासन की मूल पहचान है. तकनीक और डिजिटल व्यवस्था के बेहतर उपयोग से सरकारी सेवाओं को सरल, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित बनाया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







