ePaper

72 हजार श्रद्धालुओं ने की फौजदारीनाथ की स्पर्श पूजा

Updated at : 18 Aug 2025 7:12 PM (IST)
विज्ञापन
72 हजार श्रद्धालुओं ने की फौजदारीनाथ की स्पर्श पूजा

भादो मेला के 9वें दिन व दूसरी सोमवारी को बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में कांवरियों की भीड़ देर शाम तक जुटी रही. श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक कर स्पर्श पूजा की.

विज्ञापन

भादो की दूसरी सोमवारी. बासुकिनाथ में देर शाम तक जुटी रही भक्तों की भीड़, लगे जयकारे

प्रतिनिधि, बासुकिनाथ

भादो मेला के 9वें दिन व दूसरी सोमवारी को बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में कांवरियों की भीड़ देर शाम तक जुटी रही. श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक कर स्पर्श पूजा की. मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखी गयी. हर तरफ हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंज रहे थे. मंदिर प्रबंधन के अनुसार 72 हजार श्रद्धालुओं ने जलार्पण कर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की. सुल्तानगंज उतरवाहिनी गंगाजी से जल उठाकर हजारों महिला पुरुष श्रद्धालु बासुकिनाथ मंदिर पहुंचे. कतारबद्ध महिला पुरुष शिवभक्तों को बारी-बारी से गर्भगृह के अंदर प्रवेश कराकर पुलिस व्यवस्था के तहत पूजा करायी. मंदिर गर्भगृह में पुरोहित पूजा के बाद कांवरिया श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट को खोल दिया. सुबह चार बजे से श्रद्धालु कतारबद्ध व सुरक्षित व्यवस्था के तहत भगवान नागेश का जलाभिषेक करना प्रारंभ किया. शाम पांच बजे भोलेनाथ की विश्राम पूजा के लिए कांवरियों का जलार्पण और पूजा रोक दी गयी. इस बीच भोलेनाथ नागेश की षोडशोपचार पूजन के बाद क्षणिक विश्राम के लिए बाबा मंदिर के कपाट बंद कर दिया गया. विश्राम पूजन के बाद मंदिर के कपाट पुनः खोला गया. कांवरियों ने फिर से मंदिर में जलार्पण करना शुरू किया, जो रात्रिकालीन शृंगार पूजा तक जारी रहा. भक्तों ने पवित्र शिवगंगा में डुबकी लगाकर बाबा भोलेनाथ की स्पर्श पूजा की. भक्तों ने जलार्पण के बाद मंदिर प्रांगण में आरती की. भादो मेले में दंडाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति बनी है. श्रद्धालु भादो मास में भी सुगमतापूर्वक कतारबद्ध होकर गर्भगृह में जलार्पण कर रहे हैं, इसे लेकर पूर्व में ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किये हैं, ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो. वहीं बड़ी संख्या में शीघ्रदर्शनम कूपन के माध्यम से भी भक्तों ने बाबा का जलाभिषेक किया. भक्त 300 रुपये का टोकन लेकर मंदिर में सुलभ जलार्पण कर रहे हैं.

1352 कांवरियों ने किया शीघ्रदर्शनम

शीघ्रदर्शनम व्यवस्था के तहत भादो मास की दूसरी सोमवारी को 1352 टोकन बिके. श्रद्धालु मंदिर कार्यालय में 300 रुपये का रसीद लेकर शीघ्रदर्शनम गेट से मंदिर गर्भगृह में सुलभ जलार्पण किया. इस व्यवस्था से मंदिर प्रबंधन को चार लाख पांच हजार 600 रुपये की आमदनी प्राप्त हुई. मंदिर सिंह द्वार से श्रद्धालु को मंदिर प्रांगण में प्रवेश मिलता है. मंदिर प्रांगण स्थित विशेष द्वार से श्रद्धालु मंदिर गर्भगृह में प्रवेश कर जलार्पण करते हैं.

सीसीटीवी से क्षेत्र की गतिविधियों पर है नजर

भादो मेले में सीसीटीवी की मदद से अधिकारी मंदिर एवं मेला क्षेत्र पर नजर रखे हुए हैं. मंदिर प्रशासनिक भवन के कंट्रोल रूम बनाया गया है, नियंत्रण कक्ष में सीसीटीवी लगाया गया है. इसकी मदद से मंदिर व मेला क्षेत्र के प्रत्येक गतिविधियों पर वरीय अधिकारी नजर रखे हैं. बीडीओ कुंदन भगत, पुलिस निरीक्षक श्यामानंद मंडल कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के मदद से मंदिर व मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर बनाये रखा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND JASWAL

लेखक के बारे में

By ANAND JASWAL

ANAND JASWAL is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola