महारो वनांचल ग्रामीण बैंक में डाका
Updated at : 13 Apr 2018 6:17 AM (IST)
विज्ञापन

दुमका : दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र के महारो स्थित वनांचल ग्रामीण बैंक की शाखा में गुरुवार को पांच सशस्त्र अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर करीब 9 लाख 70 हजार रुपये लूट लिये. हालांकि डकैत इस शाखा के चेस्ट तक नहीं पहुंच सके थे. चेस्ट के पैसे बच गये. यदि चेस्ट तक वे […]
विज्ञापन
दुमका : दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र के महारो स्थित वनांचल ग्रामीण बैंक की शाखा में गुरुवार को पांच सशस्त्र अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर करीब 9 लाख 70 हजार रुपये लूट लिये. हालांकि डकैत इस शाखा के चेस्ट तक नहीं पहुंच सके थे. चेस्ट के पैसे बच गये. यदि चेस्ट तक वे पहुंच पाते, तो लूट की राशि काफी अधिक हो सकती थी. मिली जानकारी के मुताबिक, डकैतों ने अपराह्न 3.50 बजे प्रवेश किया था और 15-20 मिनट के अंदर उक्त राशि को लूटकर चलते बने.
हेलमेट व नकाब पहन कर बैंक में घुसे थे डकैत : कहा जा रहा है कि दो मोटरसाइकिलों में सवार होकर पांचों डकैत आये थे. हेलमेट व नकाब पहनकर ये अपराधी ब्रांच में जब घुसे थे, उस वक्त ब्रांच में दो ही ग्राहक थे. वारदात को अंजाम देने के लिए इन्होंने पहले उन ग्राहकों का निकलने का इंतजार किया. तब तक ये अपराधकर्मी खुद ग्राहक के रुप में जमा परची आदि के लिए शाखा के अंदर चहलकदमी भी करते रहे. उनके निकलते ही ये हरकत में आ गये. देसी पिस्तौल लहराकर एक के बाद एक तमाम कर्मियों को कब्जे में लेकर उन्हें एक जगह फर्श पर दोनों हाथ खड़ा कर बिठा दिया. इस क्रम में वे कैशियर से कैश काउंटर में लेन-देन के लिए रखे 9.70 लाख रुपये लूट लिया.
सीसीटीवी में कैद हुई है बैंक डकैती की पूरी वारदात :
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
दुमका. मिली जानकारी के मुताबिक, बैंक की शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरे में बैंक डकैती का पूरा घटनाक्रम ही कैद हुआ है. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर एसपी किशोर कौशल, डीएसपी अशोक कुमार सिंह व श्रीराम समद, दुमका के पुलिस इंस्पेक्टर देवव्रत पोद्दार, जरमुंडी के पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद चौधरी तथा जामा के थाना प्रभारी संजय मालवीय दल-बल के साथ पहुंचे. पूरे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला. बताया जा रहा है कि पांच अपराधकर्मी जिस दो बाइक से आये थे, वे भी बैंक के बगल स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में भी कैंद हुए हैं.
पांच सशस्त्र अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट लिये 9.7 लाख, लूट के बाद हुए फरार
पेट्रोल पंप कर्मी राजकुमार की दिलेरी आयी काम
मिली जानकारी के मुताबिक, वनांचल ग्रामीण बैंक के दाये-बायें दोनों ओर पेट्रोल पंप हैं. एक पेट्रोल पंप का कर्मी राजकुमार पंप के पैसे को जमा करने ब्रांच में घुस रहा था. ब्रांच के अंदर दो कदम रखते ही एक हथियारबंद अपराधी और बैंक के तमाम कर्मियों के नीचे फर्श में बैठे तथा हाथ उठाये देख उसने स्थिति को भांप लिया. इस क्रम में एक अपराधी ने उसे पकड़ने तथा उसके हाथ के पैसे को छीनने की भी कोशिश की, पर हट्टा-कठ्टा रहने की वजह से वह उस अपराधी को धक्का देकर ब्रांच के गेट से बाहर निकलने में कामयाब रहा. उसने बाहर आकर शोर भी मचाया. इस कारण डकैत आनन-फानन में बैंक से बाहर निकल गये. हालांकि जबतक लोग कुछ समझ पाते, सभी लूट के 9.70 लाख रुपये लेकर मोटरसाइकिल से पलक झपकते भाग खड़े हुए.
घटना को लेकर जांच की जा रही है. लगभग नौ लाख रुपये के लूट की बात सामने आयी है. सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद ही पता चल पायेगा कि अपराध को अंजाम देने में कितने लोग लगे हुए थे. कितने लोग रेकी कर रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही सभी जगहों पर चेकिंग बढ़ा दी गयी है.
किशोर कौशल, एसपी
लगभग 3.50 बजे पांच की संख्या में अपराधकर्मी आये थे. उनके हाथों में हथियार थे और वे गाली गलौज करने के साथ मारपीट भी कर रहे थे. चौकीदार के अलावा महिला कैशियर के साथ भी मारपीट की गयी. लगभग 9.70 लाख रुपये कैश काउंटर से लूटे जाने की जानकारी है.
सौरभ कुमार, ब्रांच मैनेजर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




