सदर अस्पताल में जल्द शुरू होगी 5 बेड की ICU, निर्माण कार्य लगभग पूरा
धनबाद का सदर अस्पताल, फाइल फोटो
धनबाद सदर अस्पताल में पांच बेड का आइसीयू जल्द शुरू होगा। निर्माण कार्य पूरा, उपकरणों की खरीदारी जारी। अब गंभीर मरीजों को रेफर करने की मजबूरी कम होगी।
सदर अस्पताल में पांच बेड के इंटेंसिव केयर यूनिट (आइसीयू) के शुरू होने का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है. आइसीयू का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है. जरूरी उपकरणों की खरीदारी की प्रक्रिया भी जारी है. सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो अगले माह आइसीयू की सेवा शुरू होने की संभावना है.
आइसीयू के लिए निर्धारित स्थान पर आवश्यक निर्माण और आधारभूत सुविधाओं का काम लगभग पूरा हो चुका है. अब वेंटिलेटर, मल्टीपैरा मॉनिटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम समेत अन्य जरूरी जीवनरक्षक उपकरणों की खरीदारी की जा रही है.
गंभीर मरीजों को मिलेगी तत्काल इलाज की सुविधा
सदर अस्पताल में अब तक आइसीयू की सुविधा नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच रेफर करना पड़ता था. दुर्घटना, हार्ट अटैक, स्ट्रोक और सांस संबंधी गंभीर बीमारी के मरीजों को तत्काल आईसीयू की जरूरत पड़ती है.
ऐसे में स्थानीय स्तर पर सुविधा नहीं होने से मरीजों और परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता था. आइसीयू शुरू होने के बाद गंभीर मरीजों को सदर अस्पताल में ही शुरुआती स्तर पर गहन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. इससे रेफरल में कमी आने के साथ मरीजों को समय पर उपचार मिलने की उम्मीद है.
डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की भी होगी व्यवस्था
आइसीयू के संचालन के लिए प्रशिक्षित चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की व्यवस्था भी की जायेगी. अस्पताल प्रशासन की टीम निर्माण कार्य, उपकरणों की स्थापना और मानव संसाधन से संबंधित तैयारियों की निगरानी कर रही है.
पांच बेड की यह सुविधा शुरू होने से सदर अस्पताल की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था मजबूत होगी. खासकर गंभीर मरीजों को ‘गोल्डन ऑवर’ में इलाज उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










