धनबाद पहुंचे बिहार के मंत्री जमा खां, नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह को दी बधाई
धनबाद में नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह से बात करते बिहार सरकार के अल्पसंख्यक विभाग के मंत्री जमा खां (बीच में). फोटो: प्रभात खबर
Dhanbad News: बिहार के अल्पसंख्यक मंत्री जमा खां ने धनबाद पहुंचकर नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह को बधाई दी. इस दौरान उन्होंने निशांत के राज्यसभा जाने की अटकलों, नीतीश कुमार के नेतृत्व और बिहार में जारी शराबबंदी पर सरकार के सख्त रुख को लेकर स्पष्ट बयान दिया.
धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट
धनबाद के नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह के आवास सिंह मेंशन में बिहार सरकार के अल्पसंख्यक मंत्री जमा खां पहुंचे और उन्हें जीत की बधाई दी. होली के अवसर पर हुई इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया. मंत्री ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से संजीव सिंह मेयर चुने गए हैं और यह लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है. उन्होंने मेयर को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि धनबाद शहर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा. मुलाकात के दौरान स्थानीय समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.
आपके शहर में
जनता के विश्वास का सम्मान जरूरी
मंत्री जमा खां ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए जनता का विश्वास सबसे बड़ी पूंजी होती है. उन्होंने कहा कि मेयर के रूप में संजीव सिंह पर बड़ी जिम्मेदारी है और उन्हें शहर के विकास, साफ-सफाई, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं पर प्राथमिकता से काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता के हित में निर्णय लेना चाहिए. यही लोकतांत्रिक परंपरा की असली पहचान है.
निशांत के राज्यसभा जाने पर क्या बोले मंत्री
नीतीश कुमार के पुत्र निशांत के राज्यसभा भेजे जाने और सक्रिय राजनीति में आने की अटकलों पर मंत्री ने खुलकर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की छवि बदली है और राज्य ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी और उनकी व्यक्तिगत इच्छा है कि निशांत सक्रिय राजनीति में आएं. पार्टी इस विषय पर सकारात्मक है और समय आने पर उचित निर्णय लिया जाएगा. मंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी का राजनीति में आना लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत है.
बिहार में शराबबंदी रहेगी जारी
बिहार में लागू शराबबंदी कानून पर मंत्री जमा खां ने स्पष्ट कहा कि राज्य में शराबबंदी कायम रहेगी. उन्होंने कहा कि कुछ लोग उलूल-जुलूल बयान देकर भ्रम फैलाने की कोशिश करते हैं, लेकिन सरकार अपने फैसले पर अडिग है. मंत्री ने कहा कि शराब तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. सरकार किसी भी तरह की गड़बड़ी या अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने दो टूक कहा कि जो गलत करेगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा.
इसे भी पढ़ें: पलामू के पूर्वडीहा में जीवित है परंपरागत होली कीर्तन की परंपरा, वसंत पंचमी से शुरू
विकास और कानून व्यवस्था पर जोर
मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार विकास और कानून व्यवस्था दोनों मोर्चों पर गंभीर है. राज्य में निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों से बिहार की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है. धनबाद में हुई इस मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है. मेयर को बधाई देने पहुंचे मंत्री के बयान ने राज्यसभा और बिहार की राजनीति को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग का जीएसटी कार्यालय टैक्स वसूली बंपर, सुविधाएं नदारद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए