Dhanbad News : साइलो के टावर गिरने के मामले में सीएमडी ने लगायी एचइसी को फटकार

Dhanbad News : साइलो के टावर गिरने के मामले में सीएमडी ने लगायी एचइसी को फटकार
Dhanbad News : बीसीसीएल के ब्लॉक-टू एरिया में अवस्थित न्यू मधुबन कोल वाशरी के 150 फीट ऊंचे कंक्रीट के साइलो प्लांट का एक नंबर टावर गिरने की घटना को सीएमडी मनोज अग्रवाल ने गंभीरता से लिया है. बाहरी दौरे से धनबाद पहुंचते ही शुक्रवार को सीएमडी श्री अग्रवाल घटनास्थल पहुंचे. इस दौरान उन्होंने साइलो के स्ट्रक्चर, निर्माण प्रक्रिया और कार्य आदेशों का अवलोकन करते हुए कंपनी की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की. इस दौरान एचइसी कंपनी के साइट इंचार्ज सीताराम मांझी से हादसे के बारे में जानकारी ली. साइट इंचार्ज ने बताया कि साइलो के फाउंडेशन में पानी फ्लोर करने से यह दुर्घटना घटी है. लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं होने पर सीएमडी श्री अग्रवाल ने नाराजगी जतायी. एचइसी के इंचार्ज को फटकार लगाते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जायेगी. साइलो गिरने के पीछे तकनीकी सिस्टम फैल्योर कारण हो सकता है. सभी पहलुओं पर जांच चल रही है. घटना से कंपनी को भारी नुकसान हुआ है. इसकी भरपाई कैसे की जायेगी, इसका एचइसी स्पष्टीकरण दे. इसकी परफेक्ट रिपोर्ट भी तलब की. उन्होंने कहा कि इस घटना की तकनीकी और निर्माण संबंधी जांच उच्च तकनीकी एजेंसी से करवाई जा रही है. दोषी पाये जाने पर एनआइटी के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी. पत्रकारों से बातचीत में सीएमडी ने यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है, जो आमतौर पर नहीं होता है.
साहस का परिचय देने वाले धमेंद्र ठाकुर को सीएमडी ने गले लगाया, दी शाबाशी
सीएमडी मनोज अग्रवाल ने हादसे के दौरान फंसे कर्मी धमेंद्र कुमार ठाकुर से मुलाकात की. उन्होंने कर्मी को गले लगाकर उसकी हिम्मत और धैर्य की सराहना की. उन्हें कंपनी के लिए रोल मॉडल बताया. मौके पर वाशरी डिवीजन के जीएम सोहेल इकबाल, जीएम सेफ्टी अरुण कुमार, जीएम सिविल संजय अग्रवाल, जीएम कुमार रंजीव, एजीएम आरके सिन्हा, पीओ राजेश कुमार, विद्युत व यांत्रिक प्रबंधन आलोक कुमार व सेफ्टी ऑफिसर एसएसपी सिंह आदि उपस्थित थे.
आज से शुरू होगा कोल डिस्पैच, दो रैक प्रतिदिन भेजने का निर्देश
सीएमडी ने निरीक्षण के दौरान वाशरी में कोल उत्पादन फिर से शुरू होते देखा, जिस पर संतोष जताया. उन्होंने कहा कि शनिवार से ही वाश्ड और पावर कोल का डिस्पैच शुरू किया जाये. ट्रांसपोर्टिंग का जिम्मा संजय खेमका को सौंपा गया है. पीओ राजेश कुमार ने बताया कि 200 टन क्षमता की नये हॉपड़ का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




