Dhanbad News: पुटकी में आपसी विवाद में वाहन चालक की गोली मार कर हत्या

पुटकी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात करकेंद स्थित न्यू सुदामडीह कॉलोनी निवासी अजय कुमार सिंह (50) की हत्या गोली मारकर कर दी गयी. घटनास्थल से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ.
पुटकी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात करकेंद स्थित न्यू सुदामडीह कॉलोनी निवासी अजय कुमार सिंह (50) की हत्या गोली मारकर कर दी गयी. मृतक निजी चालक का काम करता था. इस संबंध में मृतक के पुत्र अविनाश सिंह (19) ने पुटकी थाना को फर्द बयान दिया है. उसने बताया कि एक पारिवारिक मामले को लेकर उसके पिता पड़ोसी धर्मेंद्र सिंह उर्फ टीटू सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने बुधवार की रात करीब 12:05 बजे पुटकी थाना गये थे. शिकायत के बाद पुलिस की गश्ती टीम रात करीब 12:20 बजे उनके घर पहुंची और परिवार से पूछताछ कर लौट गयी.
छाती से पिस्तौल सटाकर मार दी गोली
अविनाश ने बताया कि पुलिस के जाने के बाद करीब 12:30 बजे उनके पिता अजय कुमार सिंह घर से बाहर निकले और कॉलोनी में जीतू पासवान के घर के पास सड़क पर पहुंचे. जहां आरोपी टीटू सिंह से उनका विवाद हो गया. गाली-गलौज व धक्का-मुक्की होने लगी. शोर सुनकर वह बीच-बचाव के लिए पहुंचे. इसी दौरान टीटू सिंह ने अपने पुत्र रोबिन कुमार को घर से पिस्तौल लाने को कहा. पिस्तौल लेकर टीटू सिंह ने उनके पिता की छाती में गोली मार दी. उस पर भी फायर करने का प्रयास किया. इसके बाद टीटू सिंह अपनी मां और बेटे के साथ मौके से फरार हो गया. परिजन घायल अजय कुमार सिंह को तत्काल एसएनएमसीएच धनबाद ले गये, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मूलत: बिहार में अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के हैं अजय सिंह
घटना की सूचना मिलते ही पुटकी पुलिस पहुंची और आरोपी के घर का बंद दरवाजा तोड़कर तलाशी ली. हालांकि तब तक आरोपी पूरे परिवार के साथ फरार हो चुका था. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस (7.6 बोर) बरामद किया है. डीएसपी (विधि-व्यवस्था) नौशाद आलम भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. मृतक अजय कुमार सिंह का पैतृक गांव अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र में है. एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं. जबकि आरोपी जहानाबाद का निवासी बताया जा रहा है. पुत्र के फर्द बयान पर पुटकी पुलिस ने धर्मेंद्र सिंह उर्फ टीटू और उसके पुत्र रोबिन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




