14 दिनों की रिमांड पूरी, मिसिर बेसरा समेत तीन हार्डकोर नक्सली मेडिकल जांच के बाद जेल भेजे गए
मिसिर बेसरा समेत दो अन्य नक्सलियों को सदर अस्पताल ले जाती पुलिस
14 दिनों की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद भाकपा (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा समेत तीन हार्डकोर नक्सलियों को धनबाद लाया गया. एनआईए, आइबी और झारखंड पुलिस ने उनसे संगठन के नेटवर्क, फंडिंग और हथियारों की आपूर्ति पर अहम जानकारी जुटाई है.
14 दिनों की पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद भाकपा (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा समेत तीन हार्डकोर नक्सलियों को बुधवार को धनबाद लाया गया. धनबाद पहुंचने के बाद तीनों की मेडिकल जांच सदर अस्पताल में करायी गयी. इसके बाद पुलिस उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया में जुट गयी है.
रिमांड के बाद रांची ले जाकर हुई थी पूछताछ
जानकारी के अनुसार 31 जुलाई को पुलिस रिमांड मिलने के बाद तीनों नक्सलियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रांची ले जाया गया था. वहां करीब 11 दिनों तक विभिन्न केंद्रीय और राज्य जांच एजेंसियों ने उनसे पूछताछ की.
एनआइए, आइबी और पुलिस ने जुटायी अहम जानकारी
रांची में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए), इंटेलिजेंस ब्यूरो (आइबी) और झारखंड पुलिस के अधिकारियों ने अलग-अलग स्तर पर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान माओवादी संगठन के नेटवर्क, फंडिंग, हथियारों की आपूर्ति और संगठन से जुड़े सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटायी गयी.
तीनों पर है लाखों-करोड़ों का इनाम
धनबाद लाये गये नक्सलियों में भाकपा (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य और 2.20 करोड़ रुपये के इनामी मिसिर बेसरा उर्फ सागर उर्फ भास्कर उर्फ सुनिर्मल शामिल हैं. इसके अलावा 15 लाख रुपये के इनामी मेहनत उर्फ मोछू उर्फ विभीषण तथा गौरव उर्फ वीरेंद्र हांसदा उर्फ सौरभ भी शामिल हैं.
मेडिकल जांच के बाद जेल भेजने की तैयारी
सदर अस्पताल में मेडिकल जांच पूरी होने के बाद पुलिस तीनों नक्सलियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है. सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










