स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, गोल्फ ग्राउंड में हुआ परेड पूर्वाभ्यास
अभ्यास करते जवान | Prabhat Khabar Network
80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए धनबाद जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में परेड का सफल पूर्वाभ्यास किया गया, जिसमें जवानों ने अनुशासन और समन्वय का प्रदर्शन किया. उपायुक्त आदित्य रंजन मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे.
80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गयी हैं. बुधवार को रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में परेड का पूर्वाभ्यास कराया गया. रिहर्सल में शामिल जवानों ने कदमताल, सलामी और अनुशासन संबंधी प्रक्रियाओं का अभ्यास किया. समारोह को सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समन्वय एवं समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया.
डीसी करेंगे ध्वजारोहण, लेंगे परेड की सलामी
15 अगस्त को सुबह नौ बजे रणधीर वर्मा स्टेडियम में जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जायेगा. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे और परेड की सलामी लेंगे. समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं और आम नागरिक शामिल होंगे.
परेड में दिखेगा अनुशासन और समन्वय
पूर्वाभ्यास के दौरान विभिन्न सुरक्षा बलों और विभागीय टुकड़ियों ने परेड का अभ्यास किया. जवानों ने सलामी, मार्च पास्ट और अन्य औपचारिकताओं को अंतिम रूप दिया. जिला प्रशासन की ओर से समारोह को गरिमामय बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.
लोगों से समारोह में शामिल होने की अपील
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होकर राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और गरिमा के साथ मनाने की अपील की है.
15 अगस्त को विभिन्न स्थलों पर होगा ध्वजारोहण
- सुबह 7:30 बजे – बंदोबस्त कार्यालय, धनबाद
- सुबह 8:00 बजे – डीसी, धनबाद के आवासीय कार्यालय
- सुबह 9:00 बजे – रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में मुख्य समारोह, ध्वजारोहण एवं परेड की सलामी
- सुबह 10:00 बजे – समाहरणालय
- सुबह 10:20 बजे – मिश्रित भवन
- सुबह 10:30 बजे – अनुमंडल कार्यालय
- सुबह 10:40 बजे – गांधी सेवा सदन
- सुबह 10:50 बजे – रेड क्रॉस सोसाइटी, धनबाद
- सुबह 11:00 बजे – पुलिस लाइन, धनबाद
स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल है और प्रशासन समारोह को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










