केंदुआ में भू-धसान से बना 13 मीटर गहरा गोफ, जहरीली गैस के रिसाव से दहशत

Updated:
विज्ञापन

केंदुआडीह कोलियरी के पास अचानक भू-धसान से 13 मीटर गहरा गोलाकार गोफ बन गया। जहरीली गैस के रिसाव की आशंका से स्थानीय लोगों में दहशत है। ग्रामीण सुरक्षित पुनर्वास की मांग पर अड़े हैं।

विज्ञापन

पीबी एरिया के केंदुआडीह कोलियरी अंतर्गत राजपूत बस्ती में सोमवार को अचानक तेज आवाज के साथ भू-धसान की घटना हुई. लाल बहादुर सिंह के मकान के पास स्थित बागान में करीब तीन फीट चौड़ा और 13 मीटर से अधिक गहरा गोलाकार गोफ बन गया. गोफ से जहरीली गैस का रिसाव होने की बात सामने आने के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है.

घटना के समय इलाके में बारिश हो रही थी. तेज आवाज के साथ जमीन धंसने के बाद बारिश बंद हुई तो आसपास के लोग घरों से बाहर निकले. इस दौरान गोफ से गैस निकलती दिखाई दी. इसके बाद इसकी सूचना बीसीसीएल प्रबंधन को दी गई. जानकारी मिलते ही केंदुआडीह कोलियरी प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.

सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को गोफ के आसपास नहीं जाने की सलाह दी. प्रबंधन की ओर से स्थल की तत्काल भराई कराने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध कर दिया.

पुनर्वास की मांग को लेकर ग्रामीणों का विरोध

मौके पर पहुंचे स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि गोविंदा राउत ने बस्तीवासियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए उनके स्थायी और सुरक्षित पुनर्वास की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पहले भी कई बार भू-धसान की घटनाएं हो चुकी हैं. हर बार बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से गोफ की भराई कर दी जाती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाता.

ग्रामीणों का तर्क है कि सिर्फ गोफ की भराई करने से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी. उनका कहना है कि पहले बस्ती के लोगों का सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास किया जाए, इसके बाद ही भराई की प्रक्रिया पर विचार किया जाए.

फिलहाल भू-धसान की घटना के बाद राजपूत बस्ती में डर और तनाव का माहौल है. वहीं, बीसीसीएल प्रबंधन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले का समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है.


विज्ञापन
Ratnesh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Ratnesh Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola