पति की मौत के 5 साल बाद भी Death Certificate नहीं, पेंशन के लिए भटक रही तरनी देवी

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सारठ की विधवा तरनी देवी पति की मृत्यु के 5 साल बाद भी प्रमाण पत्र के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही है, वह पेंशन योजना से वंचित हैं.

विज्ञापन

सारठ: पति की मौत के पांच साल बाद भी मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं मिलने से सारठ की विधवा तरनी देवी सरकारी विधवा पेंशन योजना के लाभ से वंचित हैं. सारठ पंचायत के सारठ गांव स्थित बाउरी टोला की रहने वाली 30 वर्षीय तरनी देवी का कहना है कि वह पति का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पिछले पांच वर्षों से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रही हैं.

विज्ञापन

उन्होंने कई बार आवेदन दिया और 'सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम में भी अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी, लेकिन अब तक मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया. दस्तावेज के अभाव में वह पेंशन योजना की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रही हैं.

पति की मौत के बाद दो बच्चों की जिम्मेदारी

तरनी देवी के पति मिथुन बाउरी की करीब पांच वर्ष पूर्व मौत हो गई थी. पति के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई. दो बच्चों के भरण-पोषण और घर का खर्च चलाना उनके लिए लगातार मुश्किल होता जा रहा है.

तरनी देवी बताती हैं कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों के लिए भोजन और दूसरी जरूरी जरूरतों का इंतजाम करने में भी काफी परेशानी होती है. ऐसे में सरकारी पेंशन उनके परिवार के लिए बड़ी आर्थिक मदद साबित हो सकती है.

पात्रता के बावजूद पेंशन से वंचित

तरनी देवी ने मुख्यमंत्री निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया, लेकिन पति का मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण आज तक पेंशन की स्वीकृति नहीं मिल सकी.

बताया गया कि तरनी देवी योजना के लिए पात्र हैं, लेकिन आवश्यक दस्तावेज नहीं होने की वजह से पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है. पांच वर्षों से मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए प्रयास करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है.

सरकारी दफ्तरों के चक्कर के बाद अब विधायक से उम्मीद

तरनी देवी ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द पति का मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत कराने की मांग की है. साथ ही उन्होंने विधवा पेंशन योजना का लाभ दिलाने की भी गुहार लगाई है, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके.

उनका कहना है कि पति की मौत के बाद घर चलाना बेहद मुश्किल हो गया है. यदि पेंशन का लाभ मिल जाए तो बच्चों की जरूरतें पूरी करने में कुछ राहत मिल सकती है.

क्या कहते हैं सारठ विधायक

सारठ विधायक चुन्ना सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सारठ मुख्यालय की विधवा तरनी देवी अपने पति का मृत्यु प्रमाण पत्र लेने के लिए पांच वर्षों से भटक रही हैं, यह गंभीर बात है.

विधायक ने बताया कि उन्होंने BDO को तरनी देवी की समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया है. अब विधायक के निर्देश के बाद तरनी देवी को मृत्यु प्रमाण पत्र और पेंशन का लाभ कब तक मिल पाता है, इस पर सभी की नजर है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola