देवघर में राशन वितरण की सुस्त व्यवस्था : हर माह लाभुक लगा रहे तीन-चार चक्कर, फिर भी समय पर नहीं मिल रहा अनाज
AI-generated प्रतीकात्मक तस्वीर
देवघर में जनवितरण प्रणाली की व्यवस्था लाभुकों के लिए सिरदर्द बन गई है. हर माह लाभुकों को राशन के लिए कई बार दुकानों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. अगस्त में भी यही हाल रहा और सितंबर का वितरण अब तक शुरू नहीं हो पाया है.
देवघर : देवघर में जनवितरण प्रणाली की व्यवस्था लाभुकों के लिए हर माह परेशानी का सबब बनती जा रही है. राशन लेने के लिए लाभुकों को एक-दो नहीं, बल्कि औसतन तीन-चार बार पीडीएस दुकानों का चक्कर लगाना पड़ता है. दुकान पहुंचने पर अक्सर एक ही जवाब मिलता है कि खाद्यान्न की आपूर्ति नहीं हुई है. एफसीआइ से नियमित रूप से खाद्यान्न जेएसएफसी के गोदामों तक पहुंच रहा है. लेकिन आखिर पीडीएस दुकानों तक समय पर अनाज क्यों नहीं पहुंचता है.
अगस्त में भी समय पर नहीं पहुंचा खाद्यान्न
अगस्त माह में भी यही स्थिति रही. अगस्त के तीसरे सप्ताह से विभिन्न पीडीएस दुकानों में खाद्यान्न वितरण शुरू हुआ. 31 अगस्त तक वितरण करीब 80 फीसदी ही हो सका. इसके बाद विभाग ने वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर पांच सितंबर कर दी. इसके बावजूद समय पर खाद्यान्न नहीं पहुंचने के कारण हजारों कार्डधारी अगस्त का राशन नहीं ले सके.
सितंबर शुरू, वितरण अब भी नहीं
अब सितंबर माह भी शुरू हो चुका है, लेकिन जिले के अधिकांश पीडीएस दुकानों में सितंबर का खाद्यान्न वितरण शुरू नहीं हो पाया है. जिले में 900 से अधिक पीडीएस दुकानें हैं, जहां सभी श्रेणी के 2.40 लाख से अधिक कार्डधारी जुड़े हैं. ऐसे में हर माह वितरण में देरी का सीधा असर बड़ी आबादी पर पड़ रहा है.
जीपीएस नहीं लगे वाहनों से परेशानी का हवाला
जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीतिलता किस्कू का कहना है कि सभी डीएसडी को समय पर खाद्यान्न आपूर्ति का निर्देश दिया जाता है. कुछ डीएसडी वाहनों में जीपीएस सिस्टम नहीं लगे होने से परेशानी हो रही है. जबकि विभाग ने कई महीने पहले ही सभी वाहनों में जीपीएस लगाने का निर्देश दिया था. लेकिन अब तक सभी वाहनों में जीपीएस नहीं लगा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए