चितरा: कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा आरंभ

भव्य कलश यात्रा के साथ बनवारी डंगाल में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
चितरा. चितरा कोलियरी के विस्थापित गांव खून के पुनर्वास स्थल बनवारी डंगाल में रविवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ. गाजे-बाजे और जयघोष के बीच निकाली गयी कलश यात्रा में 351 महिलाओं व कन्याओं ने अपने सिर पर कलश धारण कर पूरे विधि-विधान के साथ भाग लिया. श्रद्धालु जय श्रीराम और राधे-राधे के जयघोष से माहौल को भक्तिमय बना रहे थे. कार्यक्रम में सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए. बनवारी डंगाल स्थित जोरिया में कथा वाचिका देवी गौर प्रिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलपूजन एवं मातृका पूजन कराया. इसके बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र जल लेकर शिव मंदिर प्रांगण स्थित कथा स्थल तक भव्य शोभायात्रा निकाली. इस अवसर पर कथा वाचिका देवी गौर प्रिया ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है. उन्होंने कहा कि धर्म और अध्यात्म के बिना जीवन अधूरा है तथा भागवत कथा लोगों को सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है. साथ ही सनातन धर्म की रक्षा और सामाजिक एकता बनाए रखने का संदेश भी दिया. कार्यक्रम में यजमान मंटू महतो, ललिता देवी समेत कई श्रद्धालु उपस्थित रहे. आयोजन को सफल बनाने में कमेटी सदस्य अरुण महतो, तीर्थनाथ महतो, निताय महतो, जनार्दन ठाकुर, मुन्ना महतो, संतोष महतो, राजू महतो, अमूल्य महतो, नरेश महतो, जयदेव महतो, बद्रीनाथ महतो, गणेश महतो, विनेश मिर्धा, बलराम महतो एवं मनोज महतो ने सक्रिय भूमिका निभायी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










