मधुपुर : रात 10 से सुबह 6 बजे तक ही बड़े वाहनों से माल की लोडिंग व अनलोडिंग करें : एसडीओ

Author Balram
Updated:
विज्ञापन
मधुपुर : रात 10 से सुबह 6 बजे तक ही बड़े वाहनों से माल की लोडिंग व अनलोडिंग करें : एसडीओ

यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर एसडीओ ने की बैठक

विज्ञापन

मधुपुर. अनुमंडल कार्यालय कक्ष में शनिवार को एसडीओ राजीव कुमार की अध्यक्षता में शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षद, प्रशासनिक अधिकारी, चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, नागरिक समिति के प्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न संगठनों के सदस्य शामिल हुए. बैठक के दौरान शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या पर विस्तार से चर्चा की गयी और यातायात को सुचारू बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया. एसडीओ ने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द ही लागू किया जायेगा. इससे लोगों को जाम और यातायात की परेशानी से राहत मिलेगी. उन्होंने जानकारी दी कि सोमवार को शहर का निरीक्षण किया जायेगा और अतिक्रमण करने वालों को अंतिम चेतावनी दी जायेगी. चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा. व्यवसायियों के लिए भी नयी व्यवस्था लागू की गयी है. अब बड़े वाहनों से माल की लोडिंग और अनलोडिंग केवल रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ही की जा सकेगी. सुबह 6 बजे से रात 10 बजे के बीच बाजार क्षेत्र में ट्रक या मालवाहक वाहन खड़े कर सामान उतारने-चढ़ाने पर कार्रवाई की जायेगी. इसके अलावा ई-रिक्शा (टोटो) के लिए नगर परिषद क्षेत्र में कई स्थान चिह्नित किये गये हैं, जहां ही चालक अपने वाहन खड़े कर सकेंगे. इनमें रेलवे स्टेशन के पास, ग्लास फैक्ट्री मोड़ और खलासी मोहल्ला चौक प्रमुख हैं. मौके पर एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद, नगर परिषद अध्यक्ष दरक्शां परवीन, कार्यपालक दंडाधिकारी विनय कुमार पांडेय, अंचलाधिकारी यमुना रविदास, बीडीओ अजय कुमार दास, कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कू, उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज, इंस्पेक्टर इंचार्ज संतोष कुमार गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद थे. हाइलार्ट्स : यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर एसडीओ ने की बैठक शहर को जाम से राहत दिलाने की तैयारी, मास्टर प्लान जल्द होगा लागू मधुपुर में ई-रिक्शा स्टैंड के लिए कई स्थान चिह्नित शहर की ट्रैफिक व्यवस्था के लिए बनेगा मास्टर प्लान

विज्ञापन
Balram

लेखक के बारे में

By Balram

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola