मधुपुर-गिरिडीह बाइपास रेल लाइन का काम तेज,DRM ने निरीक्षण कर दिया बड़ा निर्देश
न्यू मधुपुर स्टेशन.
आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य ने मधुपुर स्टेशन पहुंचकर निर्माणाधीन न्यू मधुपुर स्टेशन और मधुपुर-गिरिडीह बाइपास रेल लाइन का निरीक्षण किया. उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
मधुपुर: आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य अधिकारियों की टीम के साथ मधुपुर स्टेशन पहुंचे. यहां से उन्होंने निर्माणाधीन न्यू मधुपुर स्टेशन का निरीक्षण किया. इसके बाद मधुपुर-गिरिडीह बाइपास रेल लाइन के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली.
डीआरएम के निरीक्षण को लेकर रेलवे अधिकारियों में भी सक्रियता रही. उन्होंने निर्माणाधीन स्टेशन के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया.
अंतिम चरण में न्यू मधुपुर स्टेशन का निर्माण
गिरिडीह-मधुपुर रेलखंड पर नवाब मोड़ हॉल्ट को अपग्रेड कर न्यू मधुपुर स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है. स्टेशन का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है.
न्यू मधुपुर स्टेशन से बाइपास के रास्ते नवापतरो हॉल्ट के पास मुख्य रेलखंड से सीधे गिरिडीह-मधुपुर रेलखंड को जोड़ने की योजना है. बाइपास रेल लाइन का निर्माण कार्य भी तेज गति से चल रहा है.
टिकट घर से प्लेटफॉर्म तक देखी निर्माण की प्रगति
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने न्यू मधुपुर स्टेशन में निर्माणाधीन टिकट घर, प्रतीक्षालय, केबिन, पैदल ऊपरी पुल, प्लेटफॉर्म समेत यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े अन्य कार्यों की प्रगति देखी.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की स्थिति की जानकारी ली और निर्माण में गुणवत्ता बनाये रखने का निर्देश दिया. डीआरएम ने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किये जाएं, ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द नयी रेल सुविधाओं का लाभ मिल सके.
यात्री सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
डीआरएम संग्रह मौर्य ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
उन्होंने निर्माणाधीन स्टेशन भवन के सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप काम सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
बाइपास रेल लाइन में सुरक्षा मानकों पर जोर
डीआरएम ने बाइपास रेल लाइन के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि कार्य की गति के साथ गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए. सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से तेजी से पूरा किया जाए, ताकि आने वाले समय में क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिल सके.
निरीक्षण के दौरान आसनसोल मंडल के अधिकारी, मधुपुर स्टेशन के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए