झामुमो का 47वां स्थापना दिवस ऐतिहासिक होगा : मंत्री

मधुपुर : मधुपुर बस पड़ाव पर मंत्री हफीजुल हसन ने की प्रेस वार्ता
मधुपुर. स्थानीय बस पड़ाव में रविवार को प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण सह जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने प्रेस वार्ता कर कहा कि दुमका के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले झामुमो के 47वें स्थापना दिवस समारोह ऐतिहासिक होगा. उन्होंने कहा कि मधुपुर विधानसभा क्षेत्र से हजारों की संख्या में झामुमो कार्यकर्ता व समर्थक दुमका पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनायेंगे. कहा कि दो फरवरी को दुमका के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संबोधित करेंगे. उन्होंने कहा कि झामुमो का स्थापना दिवस केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि संघर्ष, विचारधारा व जनआंदोलन का उत्सव है. कार्यकर्ता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पूरे जोश, उत्साह और अनुशासन के साथ दुमका रवाना होंगे. उन्होंने कहा कि झामुमो का पहला स्थापना दिवस दो फरवरी 1989 को गुरुजी शिबू सोरेन ने मनाने की शुरुआत की थी, जो आज भी निरंतर और पूरे सम्मान के साथ मनाया जा रहा है. यह दिन पार्टी के जुझारू कार्यकर्ताओं, नेताओं व समर्थकों के लिए एक पर्व की तरह होता है. जहां जनता की समस्याओं, अधिकारों और विकास के मुद्दों पर खुलकर चर्चा की जाती है. कहा कि झामुमो हमेशा से आदिवासी, मूलवासी, अल्पसंख्यक, पिछड़े व शोषित वर्गों की आवाज रही है. पार्टी स्थापना दिवस के मंच से पार्टी अपनी आगे की रणनीति व जनहित के संकल्प को और मजबूत करेगी. मौके पर जिप उपाध्यक्ष प्रतिनिधि इमरान अंसारी, दिनेश्वर किस्कू, अबु तालिब अंसारी, नगर अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन, प्रकाश मंडल, शाकिर अंसारी, संजय शर्मा, मो. रिजवान, मो. शाहिद, मो. मोजम्मील, मो. अख्तर, मो. सरफराज, समीर आलम आदि मौजूद थे. हाइलार्ट्स: मधुपुर बस पड़ाव पर मंत्री हफीजुल हसन ने की प्रेस वार्ता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




