बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने में गलत लोकेशन दर्शाने से शिक्षक परेशान

Updated at : 08 Apr 2026 8:32 PM (IST)
विज्ञापन
बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने में गलत लोकेशन दर्शाने से शिक्षक परेशान

करौं प्रखंड के स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए बना परेशानी का सबब

विज्ञापन

करौं. प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को इन दिनों बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करते समय गंभीर तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ रहा है. उपस्थिति बनाते समय सिस्टम में गलत लोकेशन दिखने के कारण नियमित रूप से विद्यालय आने वाले शिक्षक भी अनुपस्थित दर्ज हो रहे हैं, जिससे उनके वेतन कटने या बंद होने का खतरा उत्पन्न हो गया है. प्रखंड के कमलकरडीह प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुशील कुमार किस्कू ने बताया कि बायोमेट्रिक उपस्थिति के दौरान सिस्टम बार-बार जामताड़ा जिले के करमाटांड़, जामताड़ा-दुमका रोड, बड़ासुन, सुनडबरा, चरघरा जैसे स्थानों का लोकेशन दिखाता है. यही समस्या अन्य विद्यालयों के शिक्षकों के साथ भी हो रही है, जहां उनके वास्तविक विद्यालय के बजाय दूसरे गांव या क्षेत्र का लोकेशन दर्ज हो रहा है. प्राथमिक विद्यालय कर्माबाद के शिक्षक मो. हारुन अंसारी तथा उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय सिरसिया के शिक्षकों ने भी इस समस्या की पुष्टि करते हुए बताया कि वे प्रतिदिन समय पर विद्यालय पहुंचकर उपस्थिति दर्ज करते हैं, लेकिन सिस्टम में गलत लोकेशन आने के कारण उन्हें अनुपस्थित दिखाया जा रहा है. इससे शिक्षकों में वेतन कटने और सेवा प्रभावित होने का डर बना हुआ है. शिक्षकों का कहना है कि विभागीय बैठकों में अधिकारियों द्वारा यह कहा जाता है कि कई शिक्षक विद्यालय नहीं आते और दूर से ही उपस्थिति दर्ज कर लेते हैं, इसलिए उनके खिलाफ वेतन बंद करने की कार्रवाई की जायेगी. इस तरह के आरोपों और तकनीकी गड़बड़ी के कारण शिक्षक मानसिक रूप से परेशान हैं. इस संबंध में प्रखंड सहायक अध्यापक संघ के अध्यक्ष किशोर यादव ने कहा कि सभी शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय आ-जा रहे हैं. यह पूरी तरह विभागीय तकनीकी समस्या है, जिसे जल्द से जल्द ठीक किया जाना चाहिए. उन्होंने मांग की कि लोकेशन की समस्या का समाधान कर शिक्षकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाये, क्योंकि इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह विभाग की है.

विज्ञापन
BALRAM

लेखक के बारे में

By BALRAM

BALRAM is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola