Deoghar News : जमीन दिलाने का प्रलोभन देकर 5.50 लाख की ठगी

मधुपुर थाना क्षेत्र के छोटा शेखपुरा मौजा में दो एकड़ से अधिक जमीन दिलाने का प्रलोभन देकर नगर थानांतर्गत बिलासी निवासी समीर नाथ खवाड़े से 5.50 लाख रुपये की ठगी किये जाने का मामला सामने आया है.
वरीय संवाददाता, देवघर : मधुपुर थाना क्षेत्र के छोटा शेखपुरा मौजा में दो एकड़ से अधिक जमीन दिलाने का प्रलोभन देकर नगर थानांतर्गत बिलासी निवासी समीर नाथ खवाड़े से 5.50 लाख रुपये की ठगी किये जाने का मामला सामने आया है. इस संबंध में समीर ने नगर थाने में तीन नामजद सहित अन्य आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज करायी है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में यूपी के बलिया जिले के शिवरामपुर निवासी राजेश गुप्ता सहित पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र के सलकिया निवासी रत्ना बोस व उसके पुत्र चंद्रचूड़ बोस को नामजद आरोपित बनाया गया है. कहा है कि मधुपुर के शेखपुरा निवासी राजेश नाम के एक व्यक्ति के माध्यम से 26 जनवरी 2016 को देवघर में उसकी मुलाकात व जान-पहचान राजेश गुप्ता व चंद्रचूड़ से हुई. बातचीत के दौरान दोनों ने उससे कहा कि मधुपुर स्थित मौजा- छोटा शेखपुरा में चन्द्रचूड़ सहित उसकी मां रत्ना बोस की बसौड़ी जमीन दो बीघा से अधिक है. मधुपुर में एक स्कूल खोलने की इच्छा है, इसलिए उनकी जमीन खरीदने के लिए वह तैयार हो गया. निबंधित पावर ऑफ अटर्नी दिखाया, तो उनलोगों की बातों पर विश्वास हो गया. इसके बाद 08.12.2018 को आरटीजीएस से 1,00,000 रुपये ट्रांसफर किया और दो-दो लाख व 50000 रुपये के एसबीआइ का तीन चेक भी दिया. कुल 5,50,000 रुपये भुगतान कर दिया. इसके बाद एलपीसी का बहाना बनाकर जमीन की रजिस्ट्री करने में टाल-मटोल करते आ रहे हैं. 18.12.2024 को किसी अज्ञात व्यक्ति को उसके घर भेजकर उसे संत फ्रांसिस स्कूल देवघर गली में बुलवाया. उसी दिन शाम करीब 5.30 बजे बाइक से वहां पहुंचा, तो पहले से अज्ञात चार-पांच लोगों के साथ मौजूद चंद्रचूड़ ने गाली-गलौज करते हुए कॉलर पकड़ लिया. उसके साथ हाथापाई कर कमीज के पॉकेट से 5200 रुपये जबरन निकाल लिये व उसके गले से दो भर सोने की चेन भी खींचकर रख लिया. उसके द्वारा हो-हल्ला किया गया तो लोगों को जुटते देख वे सभी भाग निकले. आरोप लगाया है कि तीनों नामजद आरोपितों ने षड्यंत्र कर जमीन का प्रलोभन देकर उसके साथ धोखाधड़ी की है. मामले में उसने नगर थाने की पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




