देवघर में स्वतंत्रता दिवस पर हफीजूल हसन का बड़ा संदेश, बोले- अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
मंत्री हफीजूल हसन | Prabhat khabar network
देवघर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री हफीजूल हसन ने ध्वजारोहण कर देश के शहीदों को नमन किया. उन्होंने सरकार की विकास प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला, जिसमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना शामिल है.
देवघर: देवघर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केकेएन स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजूल हसन ने ध्वजारोहण किया. उन्होंने जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों और वीरांगनाओं को नमन किया. उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है.
जल, जंगल और जमीन के सरोकार से विकास
मंत्री ने कहा कि झारखंड का गठन किसानों, मजदूरों, आदिवासियों तथा सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के उद्देश्य से हुआ है. जल, जंगल और जमीन के सरोकार से जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में सरकार काम कर रही है. पिछले 25 वर्षों में कई उपलब्धियां हासिल हुई हैं, लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है.
शिक्षा और स्वास्थ्य में उपलब्धियां
देवघर में इस वर्ष वर्ग एक से पांच तक 379 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्यों तथा वर्ग छह से आठ तक विभिन्न विषयों में 335 स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों की नियुक्ति की गयी है. जिले का मैट्रिक परीक्षाफल 95.28 प्रतिशत रहा. 2,11,427 विद्यार्थियों को पोशाक, 2,81,697 को पाठ्यपुस्तक, 2,27,580 को स्कूल बैग और 2,75,755 विद्यार्थियों को नोटबुक दी गयी. स्वास्थ्य क्षेत्र में 26,066 आयुष्मान कार्ड और 1.72 लाख आभा कार्ड बनाये गये. 53 स्वास्थ्य उपकेंद्र और चार बीपीएचयू के निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है.
किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर जोर
मंत्री ने बताया कि पुनासी जलाशय योजना के लिए 1,851.68 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है. योजना पूरी होने पर 24,292 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी तथा देवघर शहर को 23.23 एमसीएम पेयजल मिलेगा. धान अधिप्राप्ति में 3,847 किसानों से 2,35,103.04 क्विंटल धान खरीदा गया और 57.60 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया.
महिलाओं, गरीबों और युवाओं को योजनाओं का लाभ
मंईयां सम्मान योजना के तहत 2,40,754 लाभुकों को 2,500 रुपये प्रतिमाह तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत 2,43,916 लाभुकों को एक हजार रुपये प्रतिमाह मिल रहा है. जेएसएलपीएस से 1,29,496 गरीब परिवारों की महिलाएं जुड़ी हैं. रोजगार मेले के माध्यम से 172 युवाओं को रोजगार मिला है.
श्रावणी मेला और कानून-व्यवस्था
मंत्री ने श्रावणी मेला 2026 में बेहतर विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की सराहना की. जनवरी से जुलाई तक अपराध के मामलों में 697 गिरफ्तारियां हुईं, जबकि साइबर अपराध में 328 गिरफ्तारियां और 498 मोबाइल व 63 एटीएम बरामद किये गये.
समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पियूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी, विधायक प्रतिनिधि संजय शर्मा, एसडीओ रवि कुमार, एसडीपीओ कुलदीप चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और कर्मी मौजूद थे. इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
हाइलाइट्स
- विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : हफीजूल हसन
- देवघर का मैट्रिक परीक्षाफल 95.28 प्रतिशत रहा
- पुनासी योजना से 24,292 हेक्टेयर में सिंचाई का लक्ष्य
- मंईयां सम्मान योजना के 2.40 लाख से अधिक लाभुक
- साइबर अपराध में 328 गिरफ्तारियां और 498 मोबाइल बरामद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









