Crime News: झारखंड के देवघर में मामूली बात पर युवक को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

वारदात के बाद अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से जानकारी लेते पुलिस पदाधिकारी
Crime News: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के पुनसीया मोहल्ले में मामूली बात पर एक युवक को गोली मार दी गयी. इस वारदात में युवक के कंधे में गोली लगी है. इससे वह घायल हो गया. उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली.
Crime News: देवघर, अजय यादव-देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के पुनसीया मोहल्ले में सड़क पर खड़ी स्कूटी को हटाने को लेकर हुए विवाद में एक 25 वर्षीय युवक पर फायरिंग की गयी. फायरिंग की इस घटना में पुनसिया मोहल्ले के एक युवक के बाएं कंधे में गोली लगी है. इसमें वह घायल हो गया है. उसका नाम मोनू कुमार राउत उर्फ मन्नू है, वो रिखिया थाना क्षेत्र के पुनसिया का ही रहने वाला है. घायलावस्था में उसके दोस्तों ने युवक को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने युवक का प्राथमिक इलाज किया.
स्कूटी हटाने के विवाद में चला दी गोली
घायल युवक मोनू ने बताया कि धूप अधिक तेज थी तो उसने अपने दोस्त के घर के सामने स्कूटी खड़ी कर दी थी. इस दौरान तीन बाइक पर लगभग 9 से 10 युवक वहां पहुंचे और उससे जबरन सड़क किनारे से स्कूटी हटाने को कहने लगे. जब उसने इसका विरोध किया तो सभी लड़के मिलकर उसे गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे. उनलोगों की संख्या ज्यादा रहने के कारण वह भयभीत हो गया. इस दौरान उन लड़कों में से एक ने पिस्तौल निकाल कर उस पर गोली चला दी. गोली उसके बाएं कंधे में लगी है.
फायरिंग कर भागे हमलावर
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे. लोगों का जुटान होता देखकर हमलावर वहां से फरार हो गए. हमलावरों में शामिल कई लड़कों को वहीं आसपास के इलाके में कई बार नशा करते देखा गया है. परिजनों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने पर रिखिया थाना के पुलिस पदाधिकारी सदल बल घटना स्थल पर पहुंचे, जहां आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद एक खोखा बरामद किया गया है. उसके बाद पुलिस सीधे सदर अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सक से बात करने के बाद घायल युवक से घटना के सिलसिले में पूछताछ की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें: 16वें वित्त आयोग की टीम के समक्ष रखें झारखंड के विकास का रोडमैप, सीएम हेमंत सोरेन का अफसरों को निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




