कुंदा में सड़क बनी मुसीबत, प्रसव पीड़ा में गर्भवती को बाइक से पहुंचाया मुख्य मार्ग
गर्भवती महिला को बाइक से बैठाकर ले जाते हुए फोटो
झारखंड के कुंदा प्रखंड में सड़क न होने के कारण प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को जान जोखिम में डालकर बाइक से अस्पताल ले जाना पड़ा. ग्रामीणों में भारी आक्रोश.
कुंदा(चतरा). प्रखंड की मरगड़ा पंचायत के भुइयां टोला (दूधमटिया) में सड़क की हालत बहुत खराब है. यह एक छोटा सा गांव है, जहां लोगों को अक्सर ऐसी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. बुधवार को इसी वजह से प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक गर्भवती महिला को जान जोखिम में डालकर बाइक से दो किलोमीटर दूर मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ा.
गांव तक नहीं पहुंच सकी 108 एंबुलेंस
दूधमटिया निवासी राजदीप भुइयां की पत्नी पूजा देवी को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई. परिजनों ने स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (सहिया) की मदद से तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी. एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन गांव तक सड़क नहीं होने से उसे दो किमी दूर मुख्य मार्ग पर ही रुकना पड़ा.
गड्ढों व पत्थरों भरे रास्ते से बाइक पर ले गए अस्पताल
महिला की हालत बिगड़ती देख परिजनों ने उसे बाइक के बीच में बैठाकर पत्थरों और गड्ढों से भरे जर्जर रास्ते से मुख्य मार्ग तक पहुंचाया. इस दौरान बाइक पर बैठी पूजा देवी की दर्द भरी चीखें और परिजनों की लाचारी साफ दिखाई दे रही थी. इसके बाद एंबुलेंस से महिला को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
आपात स्थिति में जानलेवा साबित होती है सड़क की बदहाली
ग्रामीणों ने कहा, "सड़क के अभाव में हमारे गांव में आपात स्थिति जानलेवा साबित होती है. बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर मरीजों को अक्सर खाट पर उठाकर या बाइक से मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है."
पक्की सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, राज्य सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भारती टोला तक पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को इस तरह जान जोखिम में डालकर अस्पताल नहीं ले जाना पड़े. यह पक्की सड़क केवल विकास का प्रतीक नहीं, बल्कि आने वाली अनगिनत माताओं और बच्चों के जीवन की रक्षा कवच बनेगी.
ये भी पढ़ें: चतरा में सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बोलेनो, एक युवक की मौत; दो गंभीर रूप से घायल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए