लापता युवती का कुआं में मिला शव, प्रेमी गिरफ्तार

ग्रामीणों ने बताया कि काजल कुमारी व पिंटू के बीच तीन साल से प्रेम संबंध था.
पत्थलगड्डा. सात दिनों से लापता थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव निवासी 22 वर्षीया काजल कुमारी (पिता कुलेश्वर तुरी) का शव रविवार की सुबह घर के बगल स्थित कुआं में मिला. पुलिस की मौजूदगी में शव को कुआं से निकाला गया, फिर सदर अस्पताल चतरा में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया. काजल 26 जनवरी से लापता थी. परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी. पुलिस लगातार उसकी खोजबीन कर रही थी, इस दौरान कुआं में शव मिला. कुआं में शव होने की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गयी. मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस ने तथाकथित प्रेमी सिमरिया थाना क्षेत्र के कदले गांव निवासी पिंटू कुमार (पिता पदुम यादव) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. काजल के पिता रांची में मजदूर करते हैं. घटना की सूचना पाकर घर पहुंचे. ग्रामीणों ने बताया कि काजल कुमारी व पिंटू के बीच तीन साल से प्रेम संबंध था. काजल ने पिंटू से शादी करने की बात कही. आशंका जतायी जा रही है कि शादी को लेकर दोनों में विवाद हुआ होगा और काजल की हत्या कर उसके शव को कुआं में फेंक दिया गया होगा. थाना प्रभारी राकेश कुमार ने कहा कि मामला प्रेम प्रसंग का है. प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि प्रेमी द्वारा शादी करने से इनकार करने पर काजल ने कुआं में कूद कर आत्महत्या कर ली है. आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या आत्महत्या स्पष्ट हो पायेगा. प्रेमी की निशानदेही पर मिला शव काजल के लापता होने के बाद पुलिस लगातार उसकी खोजबीन कर रही थी. मोबाइल ट्रेस के आधार पर तथाकथित प्रेमी पिंटू को पकड़ा गया. पिंटू ने उसका शव कुआं में होने की बात कही. साथ ही दोनों के बीच तीन वर्षों से चला आ रहा प्रेम प्रसंग की बात स्वीकारी. कहा कि काजल शादी करने के लिए दबाव बना रही थी. इनकार करने पर कुआं में छलांग लगा कर आत्महत्या कर ली.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




