Bokaro News : ओएनजीसी गैस प्लांट में मैकेनिकल फिटर की संदेहास्पद स्थिति में मौत

Updated:
विज्ञापन
Bokaro News : ओएनजीसी गैस प्लांट में मैकेनिकल फिटर की संदेहास्पद स्थिति में मौत

Bokaro News : नियोजन व मुआवजा को ले प्लांट गेट पर शव रख ठप कराया कार्य

विज्ञापन

Bokaro News : प्रतिनिधि, तलगड़िया. अमलाबाद ओपी क्षेत्र के पर्वतपुर स्थित ओएनजीसी गैस प्लांट में मैकेनिकल फिटर 33 वर्षीय अनूप कुमार दसौंधी की मौत संदेहास्पद स्थिति में मंगलवार को हो गयी. वह सुबह के वक्त कंपनी के रेस्ट रूम में बेड के नीचे गिरे पाये गये. वहां मौजूद कर्मियों ने परिजन को घटना की सूचना दी. परिजन आनन-फानन में अनूप को अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. ग्रामीण व परिजन अनूप का शव लेकर प्लांट पहुंचे और आश्रित को स्थायी नियोजन व एक करोड़ रुपये मुआवजे देने की मांग को ले गेट जाम कर दिया. आंदोलन की सूचना पर अमलाबाद ओपी प्रभारी कौशलेंंद्र कुमार व बनगड़िया ओपी प्रभारी शुभम कुमार, ओएनजीसी अधिकारी अनिता यादव, मैनेजर रतना टिग्गा आदि मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया. लेकिन पीड़ित परिवार अपनी मांगों पर अड़ा रहा. त्रिपक्षीय वार्ता में ओएनजीसी के पदाधिकारियों ने कहा कि कंपनी के नियमानुसार मृतक के आश्रित को नियोजन व मुआवजा दिया जायेगा. लेकिन परिजन ने लिखित आश्वासन की मांग की. कई दौर की वार्ता अंतत: विफल रही. वार्ता में विधायक प्रतिनिधि मुकेश कांत, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल, भाजपा सांसद प्रतिनिधि अरबिंद दुबे, मंडल अध्यक्ष पंकज शेखर, राधेश्याम सिंह, झामुमो जिला उपाध्यक्ष अशौक दसौंधी, मुखिया काजल दास सहित कई मौजूद थे.

पिछले साल 30 नवंबर को हुई थी शादी :

अनूप कुमार दसौंधी परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसकी शादी 30 नवंबर 25 को हुई थी. पांच माह बाद ही अनूप की मौत हो गयी. अनूप कुमार मिलनसार युवक था. वह सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़चढ़ हिस्सा लेता था. अनूप की मौत की खबर सुनकर माता-पिता व पत्नी बेसुध हो गये. परिजन ने बताया कि अनूप कुमार दसौंधी घर से सोमवार को नाइट शिफ्ट की ड्यूटी करने गया था. कार्यस्थल घर से महज 400 मीटर की दूरी पर है. घटना की जानकारी परिजन को मंगलवार की सुबह मिली. अनूप बेड से जमीन पर गिरा हुआ मिला. उसकी मौत कैसे हुई, यह पता नहीं चला है.

विज्ञापन
Manoj Kumar

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola