सड़क हादसे में चार युवकों की मौत पर फूटा आक्रोश, नौ घंटे जाम के बाद खुला एनएच-32
परिजनों से बात करते हुए अधिकारी
पिंड्राजोरा में सड़क हादसे में चार युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों ने NH-32 पर नौ घंटे तक जाम लगाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद यातायात बहाल हुआ।
सिधावनी के पास शुक्रवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में आमाडीह गांव के चार युवकों की मौत के बाद शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह करीब सात बजे गवाई पुल के पास एनएच-32 जाम कर दिया.

लगातार बारिश के बावजूद ग्रामीण सड़क पर डटे रहे. करीब नौ घंटे तक चले जाम से राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गयी, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की
ग्रामीणों ने हादसे के जिम्मेदार अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, मृतकों के आश्रितों को मुआवजा और एनएच-32 पर बेहतर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की मांग की. सूचना पर पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार सदल बल मौके पर पहुंचे.

चास सीओ सेवाराम साहू, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने कई दौर की वार्ता की, पर परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे. बाद में प्रशासन ने सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने और अज्ञात वाहन की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. इसके बाद शाम करीब चार बजे ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और यातायात सामान्य हो सका.
मनसा पूजा में शामिल होने आया था युवक
हादसे में आमाडीह निवासी बुलेट प्रमाणिक (17), आनंद महतो (15), डाक्टर महतो (17) और धना महतो (18) की मौत हो गयी. बताया गया कि चारों युवक एक ही बाइक से बंगाल गये थे. लौटने के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे चारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
घटना से पूरे आमाडीह गांव में शोक की लहर है. विशेष रूप से धना महतो मनसा पूजा में शामिल होने के लिए उसी दिन घर लौटा था, पर कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










