काम मांगने को लेकर विवाद के बाद मौत, संवेदक पर हत्या का आरोप

Updated:
विज्ञापन

घटना स्थल पर मौजूद लोगों की भीड़

बोकारो के कसमार में खेत से अशोक रजवार का शव बरामद। पत्नी ने कंपनी के संवेदक पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

विज्ञापन

कसमार थाना क्षेत्र के जामकुदर और बगियारी गांव के बीच स्थित महली कनारी खेत से शनिवार को एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान बगियारी निवासी अशोक रजवार के रूप में हुई है. शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये. सूचना मिलने पर कसमार पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

इधर, मृतक की पत्नी ने कसमार थाना में लिखित आवेदन देकर कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य से जुड़ी एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग कंपनी के चैनल नंबर 373 के संवेदक पर अपने पति की हत्या का आरोप लगाया है. आवेदन में पत्नी ने आरोप लगाया है कि काम मांगने के दौरान संवेदक के साथ विवाद हुआ था और संवेदक द्वारा उसके पति के साथ गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी गयी थी.

काम मांगने गया था अशोक

आवेदन में यह भी कहा गया है कि घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी थी. इसके बाद अशोक को पुलिस थाने लेकर गयी और पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया. कुछ दिन बाद अशोक दोबारा उक्त संवेदक के पास काम मांगने गया. आरोप है कि इस दौरान भी संवेदक ने उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी और वहां से भगा दिया.

दामाद के श्राद्ध में गया था अशोक

परिजनों के अनुसार, अशोक अपने दामाद के निधन के बाद उसके श्राद्धकर्म में शामिल होने गया था. 11 अगस्त को वह श्राद्धकर्म में शामिल हुआ था. इसके बाद वह वापस लौट रहा था. परिजनों के अनुसार, 12 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे वह बहादुरपुर पहुंचा था, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा. अशोक के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन की गयी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.

तीन दिन बाद खेत में मिला शव

इसी बीच 15 अगस्त को करीब 10 बजे ग्रामीणों के माध्यम से परिजनों को सूचना मिली कि बगियारी के महली कनारी खेत में अशोक का शव पड़ा हुआ है. परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान अशोक रजवार के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी.

शव मिलने के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी. परिजनों एवं ग्रामीणों ने देर शाम तक शव उठाने से पुलिस को रोके रखा. बाद में कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की.

पत्नी ने की कानूनी कार्रवाई की मांग

मृतक की पत्नी ने अपने आवेदन में पति की मौत के पीछे कंपनी के संवेदक पर आशंका जताते हुए मामले की जांच और दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. आवेदन में कहा गया है कि पूर्व में संवेदक द्वारा कथित रूप से दी गयी धमकी और बाद में अशोक का लापता होना तथा खेत में उसका शव मिलना गंभीर संदेह पैदा करता है.

हालांकि, हत्या के आरोपों की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अशोक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, उसकी मृत्यु का कारण क्या है और परिजनों द्वारा लगाये गये आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.


विज्ञापन
दीपक सवाल

लेखक के बारे में

By दीपक सवाल

मैं दीपक सवाल, 1994 से प्रभात खबर से जुड़ा हूं। वर्ष 2011 से 2015 तक बोकारो कार्यालय में स्टॉफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत रह चुका हूं। 2015 से कसमार डेटलाइन से कार्यरत हूं। मेरा संपर्क नंबर : 9431145607

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola