ललपनिया में असामाजिक तत्वों ने की सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश, पुलिस ने मामला शांत कराकर कार्रवाई का दिया भरोसा

Updated:
विज्ञापन

सड़क पर लोगों को समझाते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बोकारो में शरारती तत्वों द्वारा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश के बाद लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया.

विज्ञापन

बोकारो/ललपनिया. बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत ललपनिया क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह कुछ असामाजिक तत्वों ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया. कब्रिस्तान के समीप सड़क और साइनबोर्ड पर पेंट से आपत्तिजनक व विभाजनकारी टिप्पणियां लिख दी गईं. सुबह जानकारी मिलते ही स्थानीय समुदाय के लोगों में रोष फैल गया और वे दोषियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए.

विज्ञापन

ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए सड़क जाम कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही ललपनिया थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. इसके साथ ही एसडीपीओ रवींद्र कुमार सिंह, गोमिया के अंचल अधिकारी (सीओ) आफताब आलम और महुआटांड़/जंगेश्वर बिहार थाना प्रभारी भी स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे.

प्रशासन ने आपत्तिजनक टिप्पणी हटवाई

घटनास्थल पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों जिनमें बबुली सोरेन, रामजी तिवारी, हरीश नारायण तिवारी, तुलसीदास महतो, नौशाद आलम, ऐनुल होदा और आमिर हुसैन शामिल थे, ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर आक्रोशित लोगों को समझाया-बुझाया. ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि इससे पूर्व गुरुवार को भी असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक स्थल परिसर में अवांछित गतिविधि की गई थी और परिसर के आसपास शराब की खाली बोतलें फेंककर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया था.

ये भी पढ़ें: गोमिया में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने भाई-बहन को रौंदा, एक गंभीर; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

एसडीपीओ ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र का माहौल खराब करने वाले उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने तुरंत सड़क और बोर्ड पर लिखी आपत्तिजनक टिप्पणियों को पूरी तरह मिटवा दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया.

सौहार्द बनाए रखने के लिए थाने में शांति समिति की बैठक

क्षेत्र में शांति व्यवस्था और आपसी भाईचारा बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने शुक्रवार अपराह्न तीन बजे ललपनिया थाने में शांति समिति की विशेष बैठक बुलाई है. इस बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र के दोनों समुदायों के गणमान्य लोग, पंचायत प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे. पुलिस प्रशासन ने आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola