करोड़ों की चोरी में हसन चिकना गिरोह का हाथ

Updated:
विज्ञापन

बोकारो/बरहरवा. बोकारो में एसबीआइ की प्रशासनिक भवन शाखा से 25 दिसंबर की रात को 86 लॉकर काट कर हुई करीब दस करोड़ की संपत्ति की चोरी के मामले में साहेबगंज के हसन चिकना गिरोह का हाथ है. इसके पुख्ता प्रमाण पुलिस को मिले हैं. कई दिनों से पुलिस इस गिरोह के सदस्यों को ट्रैक कर […]

विज्ञापन
बोकारो/बरहरवा. बोकारो में एसबीआइ की प्रशासनिक भवन शाखा से 25 दिसंबर की रात को 86 लॉकर काट कर हुई करीब दस करोड़ की संपत्ति की चोरी के मामले में साहेबगंज के हसन चिकना गिरोह का हाथ है. इसके पुख्ता प्रमाण पुलिस को मिले हैं. कई दिनों से पुलिस इस गिरोह के सदस्यों को ट्रैक कर रही थी. गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने पकड़ा है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने उक्त दोनों सदस्यों के पास से लॉकर से चोरी किये गये कुछ सामान भी बरामद हुए है.
कई बड़ी चोरी में रहा है इस गिरोह का हाथ
राजमहल थाना क्षेत्र के फुलबड़िया का रहने वाला हसन चिकना गैस कटर गिरोह का सरगना बताया जाता है. इस गिरोह ने झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, केरल, ओड़िसा, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है. वर्ष 2015 में धनबाद जिला के निरसा थाना क्षेत्र के एक बैंक शाखा में सेंधमारी कर लाखों रुपये की चोरी की थी.
इसके बाद बोकारो के सेक्टर चार में चोरी के प्रयास में पुलिस ने उसे गैस कटर, प्लास व पेचकश के साथ गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया था. चार मई 2016 को सिलीगुड़ी के बागडोगड़ा के निकट सेंट्रल बैंक में नकदी सहित लाखों के जेवरात की चोरी की घटना को अंजाम दिया है. तीन अप्रैल 2017 को पश्चिम बंगाल के सिउड़ी में पीसी ज्वेलर्स की दुकान में सेंधमारी कर लगभग छह करोड़ रुपये के जेवरात की चोरी की थी.
फिल्मी स्टाइल में पकड़े गये दोनों अपराधी
सूत्र बताते हैं कि डीजीपी डीके पांडे के निर्देश पर साहेबगंज एसपी धनंजय सिंह ने इस मामले में एक विशेष टीम का गठन किया था. टीम पिछले चार-पांच दिनों से राजमहल व उधवा थाना क्षेत्र में अपने खुफिया तंत्रों के सहारे उक्त चोरी का पता लगाने की कोशिश में लगी थी. शनिवार की देर रात को गिरोह टीम के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया. एक सदस्य भागते-भागते पुल से पानी में जा कूदा. पुलिस टीम के सदस्यों ने भी उसके पीछे छलांग लगा दी और उसे धर-दबोचा. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है. उन दोनों की निशानदेही पर चोरी के कुछ सामान भी बरामद हुए हैं.
फरार है सरगना हसन चिकना
पुलिस हसन चिकना की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस उसके राजमहल, उधवा व बरहरवा के अलावे पश्चिम बंगाल के मालदा, कालियाचक, बहरमपुर के संबंधित ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है. हालांकि पुलिस इस संबंध में कुछ भी बताने से साफ इनकार कर रही है.
सूत्रों के अनुसार हसन चिकना करीब 15 दिन पूर्व राजमहल व बरहरवा के इलाके में अपने साथियों के साथ देखा गया था. हसन चिकना विभिन्न राज्यों के कई जेलों का हवा खा चुका है. उसने चोरी के पैसे से करोड़ों की संपत्ति बना ली है. हालांकि साहेबगंज एसपी धनंजय सिंह ने इस तरह के किसी गिरोह के डिटेक्ट होने व किसी गिरोह के सदस्य की गिरफ्तारी से अनभिज्ञता जाहिर की है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola