सरकारी दुकान देर से खुलने का असर, जिले में कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है व्यवसाय अवैध शराब व्यवसायियों की कट रही चांदी

Updated:
विज्ञापन

बोकारो: गत एक अगस्त से झारखंड सरकार अपने निजी उपक्रम झारखंड बिवरेज कॉपरेशन के सहारे राज्य में शराब का व्यवसाय कर रही है, लेकिन जिले में इसका उलटा असर हो रहा है़ सरकारी शराब दुकान खुलने के बाद यहां अवैध शराब व्यवसायियों की चांदी हो गयी है़ जिले में अवैध शराब का व्यवसाय कुटीर उद्योग […]

विज्ञापन
बोकारो: गत एक अगस्त से झारखंड सरकार अपने निजी उपक्रम झारखंड बिवरेज कॉपरेशन के सहारे राज्य में शराब का व्यवसाय कर रही है, लेकिन जिले में इसका उलटा असर हो रहा है़ सरकारी शराब दुकान खुलने के बाद यहां अवैध शराब व्यवसायियों की चांदी हो गयी है़ जिले में अवैध शराब का व्यवसाय कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है़
सुबह से संचालित हो रहीं अवैध शराब दुकानें : सरकारी स्तर पर दुकान खुलने के पूर्व जिले में लाइसेंसी शराब दुकान की संख्या 97 थी, लेकिन सरकारी स्तर पर अब इसकी संख्या घटा कर 37 कर दी गयी है़ पूर्व में लाइसेंसी शराब दुकान पंद्रह घंटे (सुबह आठ बजे से रात ग्यारह बजे तक) के लिए खुलती थी, जबकि सरकारी शराब दुकान खुलने का समय मात्र आठ घंटे है़ इसका फायदा जिले के अवैध शराब व्यवसायी उठा रहे है़ दोपहर एक बजे से सरकारी दुकान खुलने के कारण अवैध शराब व्यवसायी सुबह छह बजे से ही अपनी दुकानदारी चालू कर देते हैं.
बड़े पैमाने पर बेची जा रही है अवैध शराब : सरकारी दुकान की संख्या घटने के कारण होटल, पान दुकान, राशन दुकान की आड़ में दर्जनों गली-मुहल्ले में अवैध शराब बेची जा रहे है़ हाल के दिनों में उत्पाद विभाग की छापेमारी में यह बात प्रमाणित हुआ है कि जिले में नकली विदेशी शराब बड़े पैमाने पर विभिन्न झोपड़ीनुमा होटल, राशन व पान दुकान में बेचे जा रहे है़ं अभी हाल के दिनों में रांची में अवैध शराब अड्डा से शराब खरीद कर पीने के कारण 20 लोगों की मौत हो चुकी है़ इसके बाद भी स्थानीय पुलिस व उत्पाद विभाग अवैध शराब व्यवसायियों के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई नहीं कर रही है़.
यहां चलता है शराब का अवैध धंधा : सबसे खराब स्थिति बेरमो के सुभाष नगर, पांच नंबर, डीवीसी बेरमो, पिछरी, अंगवाली, फुसरो बाजार, मकोली, हरला थाना क्षेत्र के मुर्गा पाड़ा, थाना के बगल में झोपड़ पट्टी, बसंती मोड़, रानीपोखर, बीएस सिटी थाना क्षेत्र के दुंदीबाग, को-ऑपरेटिव कॉलोनी से लेकर नया मोड़ जाने वाले मुख्य पथ के किनारे होटल व राशन दुकान, होटल हंस रिजेंसी के सामने राजकीय औषधालय के निकट, चास के तेलीडीह मोड़ के निकट, चास मु थाना क्षेत्र के दामोदर पुल के निकट, माराफारी थाना क्षेत्र के सरदार कॉलोनी, झोंपड़ी कॉलोनी, रितुडीह, गेमन कॉलोनी की है़.
40 दिनों में 75 गिरफतारी, 99 केस : उत्पाद विभाग की छापेमारी में अवैध शराब व्यवसायियों के पास से सेल इन हरियाणा स्टेट लिखी हुई दर्जनों विदेशी शराब हाल के दिनों में बरामद हुई है़ गत एक अगस्त से 10 सितंबर तक उत्पाद विभाग जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध शराब धंधा से जुड़े 75 लोगों को गिरफ्तार कर चुका है़ अवैध शराब व्यवसाय के मामले में 99 केस दर्ज हुए हैं. जुर्माना के रूप में 2.89 लाख रुपये की वसूली की गयी है़ विदेशी शराब 154 लीटर, देशी शराब 695 लीटर व बीयर 33 लीटर बरामद किया गया है़
संसाधनों की किल्लत बनी छापेमारी में बाधक
उत्पाद विभाग के पास संसाधन और बल की कमी है. इस कारण विभाग स्वतंत्र रूप से अपने बूते अवैध शराब व्यवसाय के खिलाफ छापेमारी नहीं कर पा रहा है़ छापेमारी के लिए उत्पाद विभाग को स्थानीय पुलिस की मदद लेने के लिए कई घंटों तक थाना में खड़ा रहना पड़ता है़ इस कारण सूचना लीक हो जाती है़ उत्पाद विभाग के पास संसाधन के रूप में एक जिप्सी, एक जीप व एक चालक है़ शारीरिक अस्वस्थता के कारण सरकारी चालक रात के समय वाहन नहीं चला पाता है़
जिले के सभी थानेदारों को अवैध शराब व्यवसाय के खिलाफ अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया गया है़ जिस थाना क्षेत्र में अवैध शराब का मामला सामने आयेगा, उस थानेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी़
वाइएस रमेश, एसपी, बोकारो़
संसाधन व बल की कमी के बावजूद उत्पाद विभाग नियमित रूप से अवैध शराब व्यवसाय के खिलाफ छापेमारी कर रहा है़ गत दिनों जिले के कई झोपड़ीनुमा होटल, राशन दुकान आदि में छापेमारी कर अवैध शराब बरामद कर दर्जनों लोगों को गिरफ्तार किया गया है़
सुनील कुमार चौधरी, सहायक उत्पाद आयुक्त, बोकारो
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola