छठ पर्व के दौरान पोखर में डूबने से युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने एनएच 106 किया जाम

अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और न्यायिक कार्रवाई का आश्वासन दिया
राघोपुर. छठ महापर्व के दौरान सोमवार की सुबह एक युवक की पोखर में डूबने से मौत हो गई. यह दुखद घटना राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत वार्ड संख्या 03 की है. मृतक की पहचान स्थानीय निवासी उपेंद्र साह के 21 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालु वार्ड संख्या 03 स्थित पोखर में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान चंदन कुमार भी स्नान करने गया, लेकिन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया. आसपास मौजूद लोगों ने काफी प्रयास किया, परंतु तब तक देर हो चुकी थी. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद शव को पोखर से बाहर निकाला और रेफरल अस्पताल राघोपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया. परिजन और स्थानीय लोग प्रशासन के खिलाफ आक्रोशित हो उठे. आक्रोशित लोगों ने शव को एनएच 106 पर रखकर करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. परिजनों का आरोप था कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ. लोगों का कहना था कि अगर समय रहते पोखर के चारों ओर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाती, तो यह घटना नहीं घटती. इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली ने बताया कि उक्त पोखर निजी है, और विभागीय निर्देशानुसार केवल सरकारी पोखरों पर ही सुरक्षा व सजावट की व्यवस्था की जानी थी. बावजूद इसके उन्होंने सभी पोखरों के लिए सजावट, लाइटिंग और बैरिकेडिंग के लिए फंड जारी किया था. उनके अनुसार, छठ पूजा शुरू होने से पूर्व सभी पोखरों पर बैरिकेडिंग कराई गई थी. सूचना मिलने पर राघोपुर बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव, सीओ रश्मि प्रिया और थानाध्यक्ष अमित कुमार राय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और न्यायिक कार्रवाई का आश्वासन दिया. काफी समझाने-बुझाने के बाद लोग शांत हुए और जाम समाप्त किया गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि चंदन मंदबुद्धि था और उपेंद्र साह के दो पुत्रों में से एक था. तीन वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में उनके बड़े पुत्र की भी मौत हो चुकी थी. अब दूसरे पुत्र चंदन की मौत से परिवार पूरी तरह उजड़ गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है. थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




