सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण रखने की जरूरत : मुख्य सचिव

Updated:
विज्ञापन

एशिया के दूसरे सबसे बड़े फिजिकल मॉडलिंग सेंटर का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण

विज्ञापन

– सीमा सुरक्षा, विकास योजनाओं व फिजिकल मॉडलिंग सेंटर पर अहम समीक्षा – एशिया के दूसरे सबसे बड़े फिजिकल मॉडलिंग सेंटर का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण वीरपुर. बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत हवाई मार्ग से गुरूवार को पटना से वीरपुर पहुंचे. उनके साथ डीजीपी विनय कुमार, एसटीएफ के डीजी कुंदन कृष्णन तथा गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी भी मौजूद थे. वीरपुर एयरपोर्ट पर कोसी कमिश्नर राजेश कुमार, जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद पुलिस के जवानों द्वारा मुख्य सचिव को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. औपचारिकताओं के बाद सभी अधिकारी फिजिकल मॉडलिंग सेंटर के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने परियोजना का निरीक्षण किया. जानकारी अनुसार, हाल के दिनों में भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों की गतिविधियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक भी हुई. बैठक में नेपाल की वर्तमान स्थिति, व्यावसायिक गतिविधियां, कानून-व्यवस्था, सीमा सुरक्षा, तस्करी की रोकथाम और संवेदनशील गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही, सीमा पर एसएसबी की भूमिका को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया. मुख्य सचिव ने 108 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे एशिया के दूसरे सबसे बड़े फिजिकल मॉडलिंग सेंटर का भी जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान कोसी मेची लिंकिंग परियोजना सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई. बैठक के दौरान प्रारंभ में केवल डीएम और एसपी मौजूद थे, बाद में अन्य अधिकारियों को भी बुलाया गया. अधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति से अवगत कराते हुए अवैध गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए गए. दौरे के बाद जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि मुख्य रूप से फिजिकल मॉडलिंग सेंटर के शीघ्र संचालन को लेकर लक्ष्य निर्धारित करने पर चर्चा हुई. इसके अलावा वीरपुर एयरपोर्ट की जमीन की स्थिति, जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति और लक्ष्य के अनुरूप कार्यों की समीक्षा की गई. साथ ही सीमा क्षेत्र में एसएसबी की गतिविधियां, भारत-नेपाल समन्वय बैठकें, और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ. इस दौरान एसएसबी के डीआईजी मधुकर अमिताभ, डीडीसी सारा असरफ, कमांडेंट गौरव सिंह, वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार, मुख्यालय डीएसपी, बसंतपुर बीडीओ सुजीत कुमार मिश्रा, थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल, बीसीओ रोशन कुमार सिंह समेत कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन