तिलहेश्वरनाथ महादेव मंदिर से शिवलिंग का चांदी का मेठ चोरी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना स्थल का जायजा लेते एसडीएम, व एसडीपीओ, शिवलिंग | Prabhat Khabar Network
सुपौल के प्रसिद्ध तिलहेश्वरनाथ महादेव मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की घटना हुई, जिसमें शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का मेठ उड़ा लिया गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
Supaul Temple Theft: सदर थाना क्षेत्र के सुखपुर सोल्हानी पंचायत स्थित प्रसिद्ध तिलहेश्वरनाथ महादेव मंदिर में शनिवार दोपहर चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का मेठ चोरी कर लिया. घटना की जानकारी मंदिर के पंडा आशीष कुमार द्वारा ग्रामीणों को दी गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी. दिनदहाड़े हुई इस घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तत्काल मंदिर पहुंची. इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार साह तथा सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली. अधिकारियों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया.
16 में से 12 सीसीटीवी कैमरे चालू मिले
Supaul Temple Theft: प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर में कुल 16 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनमें से 12 कैमरे चालू स्थिति में पाए गए. हालांकि कैमरों का पासवर्ड तकनीकी मिस्त्री के पास होने के कारण पुलिस को फुटेज देखने में कुछ समय लगा. पुलिस अब उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके.
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
श्रद्धालुओं ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की
दिनदहाड़े मंदिर में हुई चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है. लोगों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने, सीसीटीवी प्रणाली को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










