सुपौल में निकली भव्य साइकिल रैली, तिरंगे के साथ गूंजे देशभक्ति के नारे
डीएम के नेतृत्व में निकला साइकिल रैली | Prabhat Khabar Network
सुपौल में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य साइकिल रैली निकाली गई। डीएम सावन कुमार ने खुद साइकिल चलाकर लोगों को देशभक्ति का संदेश दिया।
सुपौल : हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत शुक्रवार को सुपौल जिला मुख्यालय में देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य साइकिल रैली निकाली गयी. हाथों में तिरंगा लेकर साइकिल पर निकले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया. रैली के दौरान ‘भारत माता की जय’ सहित अन्य देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल गूंजता रहा.
साइकिल रैली का शुभारंभ समाहरणालय परिसर से किया गया. डीएम सावन कुमार ने स्वयं साइकिल चलाकर रैली का नेतृत्व किया. उनके साथ डीडीसी इंद्रवीर कुमार सहित जिले के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग साइकिल पर सवार होकर शामिल हुए.
समाहरणालय से निकली रैली बीएसएस कॉलेज रोड, लोहिया नगर चौक, स्टेशन चौक और महावीर चौक होते हुए गांधी मैदान पहुंची. रैली में शामिल प्रतिभागियों के हाथों में लहराता तिरंगा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा. रास्ते में स्थानीय लोगों ने भी उत्साह के साथ रैली का स्वागत किया.
राष्ट्रध्वज के सम्मान और एकता का दिया संदेश
साइकिल रैली के माध्यम से लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया गया. इस अवसर पर अधिकारियों ने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की.
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का संदेश दिया. रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशप्रेम और एकता की भावना को और मजबूत करना रहा.
आम लोगों की सहभागिता ने आयोजन को बनाया खास
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आम लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को खास बना दिया. गांधी मैदान पहुंचने के बाद रैली का समापन हुआ. तिरंगे के साथ साइकिल पर निकले लोगों की लंबी कतार और देशभक्ति के नारों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर में उत्सव का माहौल बना दिया.
रैली ने लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक करने के साथ हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







