सुपौल में रिश्तेदार से मिलने आए व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर, चालक फरार

Updated:
विज्ञापन
घटनास्थल का दृश्य | Prabhat Khabar Network

घटनास्थल का दृश्य | Prabhat Khabar Network

Supaul News: सुपौल जिले के राघोपुर में सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार पिकअप वैन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश में अनियंत्रित होकर पलट गया और मौके से फरार हो गया. पुलिस वाहन जब्त कर चालक की तलाश कर रही है.

विज्ञापन

Supaul News: सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. भगता टोला में सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज गति से आ रही पिकअप वैन ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करता रहा, लेकिन करीब 100 मीटर आगे पिकअप अनियंत्रित होकर पानी भरे गड्ढे में पलट गई. इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया.

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है.

रिश्तेदारों से मिलने आए थे, रास्ते में हो गया हादसा

यह हादसा राघोपुर थाना क्षेत्र के विशनपुर दौलत पंचायत स्थित भगता टोला वार्ड संख्या 12 में हुआ.

मृतक की पहचान डगमारा थाना क्षेत्र के कमलपुर वार्ड संख्या 4 निवासी 46 वर्षीय रघुवीर साह उर्फ दुर्गा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार वह अपने रिश्तेदारों से मिलने भगता टोला आए थे. उनका संबंध स्थानीय निवासी विनोद सोह के परिवार से बताया गया है.

तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार रघुवीर साह सड़क पर पैदल जा रहे थे. इसी दौरान तेज गति से आ रही पिकअप वैन (BR11GG3849) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए.

भागने की कोशिश में गड्ढे में पलटी पिकअप

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पलट गई.

इसके बाद चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया.

पुलिस ने वाहन जब्त किया, चालक की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया.

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त कर लिया गया है. फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पूरे मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Supaul News: गांव में पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया. गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

Also Read: राज्यसभा पहुंचे नीतीश कुमार, पहले दिन क्या-क्या हुआ? उपराष्ट्रपति से भी की मुलाकात

Also Read: प्रशांत किशोर के खिलाफ इलेक्शन कमीशन पहुंची भाजपा, चुनाव में करोड़ों रुपये खर्च करने और AI-बॉट्स से प्रचार का आरोप


विज्ञापन
आशुतोष झा

लेखक के बारे में

By आशुतोष झा

आशुतोष झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. राघोपुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन