सुपौल में राशन कार्ड निर्माण तेज : कोई भी पात्र परिवार न छूटे, एसडीएम ने घर-घर सर्वे का दिया निर्देश

बैठक करते अधिकारी. | Prabhat Khabar Network
Ration Card Campaign : सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड में प्रशासन ने राशन कार्ड निर्माण और संशोधन महाअभियान तेज कर दिया है. इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार इस सुविधा से वंचित न रहे. घर-घर जाकर पात्रों की पहचान की जाएगी और आवेदन सुनिश्चित कराए जाएंगे.
Ration Card Campaign : सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड में राशन कार्ड निर्माण एवं संशोधन महाअभियान को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है. मंगलवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टीसीपी भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड से वंचित नहीं रहना चाहिए. इसके लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाकर पात्र लाभुकों की पहचान और आवेदन सुनिश्चित करने को कहा गया.
राशन कार्ड महाअभियान की हुई समीक्षा
प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टीसीपी भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार ने की. बैठक में बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) अमर शर्मा, सभी पंचायतों के विकास मित्र तथा जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के विक्रेता शामिल हुए. अधिकारियों ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगे की रणनीति पर चर्चा की.
घर-घर जाकर पात्र परिवारों की पहचान करने का निर्देश
एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि सरकार के विशेष महाअभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड से वंचित न रहे. इसके लिए सभी विकास मित्रों और पीडीएस डीलरों को अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वे करने, पात्र परिवारों की पहचान करने और उनका आवेदन भरवाने का निर्देश दिया गया. साथ ही जिन राशन कार्डों में पात्र सदस्यों का नाम अब तक नहीं जुड़ा है, उनका नाम भी अभियान के दौरान जोड़ने को कहा गया.
कई योजनाओं के लिए जरूरी है राशन कार्ड
एसडीएम ने कहा कि राशन कार्ड केवल खाद्यान्न प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है. इसलिए अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा करना सभी संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी है.
आपसी समन्वय से अभियान सफल बनाने पर जोर
बैठक में अधिकारियों ने विकास मित्रों और पीडीएस डीलरों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा अधिक से अधिक पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की. बैठक में विकास मित्र प्रमिला देवी, मनीता कुमारी, श्यामदेव ऋषिदेव, अशोक कुमार सादा, गुनेश्वर सादा सहित अन्य विकास मित्र तथा डीलर संघ के अध्यक्ष जगदेव प्रसाद यादव, नंद कुमार साह, नरेंद्र झा, गंगा राम मेहता, सुधीर राम और लाल देव यादव सहित बड़ी संख्या में जन वितरण प्रणाली के विक्रेता उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आशुतोष झा
आशुतोष झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. राघोपुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










