दवा व्यवसायी को लूट के प्रयास में गोली मारी, दो गिरफ्तार

देर रात दुकान बंद कर बाइक से जा रहा था घर
– देर रात दुकान बंद कर बाइक से जा रहा था घर राघोपुर. थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी पंचायत में शनिवार की रात लूट की नीयत से एक दवा व्यवसायी को बदमाशों ने गोली मार दी. घायल व्यवसायी की पहचान डुमरी निवासी 35 वर्षीय चंदन कुमार के रूप में हुई है, जो सिमराही बाजार में अपनी दवा की दुकान चलाते हैं. जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे चंदन कुमार अपने भाई चिंटू कुमार के साथ दुकान बंद कर धरहरा होते हुए घर लौट रहे थे, तभी गांव के पास एक चिमनी के समीप तीन बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की. विरोध करने पर अपराधियों ने चंदन कुमार पर गोली चला दी. जान बचाने के लिए चंदन भागने लगे, लेकिन अपराधियों ने पीछा करते हुए उनके घर के पास ही दो गोलियां चला दी, जो उनकी कमर और पेट में लगी. गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल चंदन को सिमराही रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. घटना के दौरान ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया, जिसे बाद में राघोपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया. पकड़े गए अपराधी से पूछताछ में उसने कबूल किया कि वे तीन लोग थे और लूट की मंशा से आए थे. उसने फरार दो अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है. घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार एवं थानाध्यक्ष नवीन कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की. थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है. सोशल मीडिया पर गिरफ्तार बदमाश का वायरल हो रहा वीडियो सोशल मीडिया पर पकड़े गए अपराधी का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह ग्रामीणों के सामने अपने जुर्म को कबूल करता नजर आ रहा है. हालांकि प्रभात खबर इस वीडियो का पुष्टि नहीं करता है. पुलिस ने विश्वास दिलाया है कि जल्द ही फरार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा. घटना के संबंध में घायल व्यवसायी चंदन कुमार के भाई चिंटू कुमार ने बताया कि रोज की तरह दुकान बंद कर हम दोनों भाई घर लौट रहे थे. धरहरा-डुमरी मार्ग पर चिमनी के पास तीन लोग बाइक से आए और रास्ता रोककर हमें रोकने की कोशिश की, नहीं रुकने पर अपराधियों ने गोली चला दिया. पकड़े गए अपराधी के निशानदेही पर राघोपुर पुलिस ने करजाईन थाना क्षेत्र के हरिराहा से एक और अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










