पेंशनरों का फूटा आक्रोश, सरकार पर उपेक्षा का आरोप

Published by :RAJEEV KUMAR JHA
Published at :05 May 2026 5:45 PM (IST)
विज्ञापन
पेंशनरों का फूटा आक्रोश, सरकार पर उपेक्षा का आरोप

बिहार पेंशनर समाज जिला शाखा सुपौल की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ भवन में आयोजित की गयी.

विज्ञापन

मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन की चेतावनी सुपौल. बिहार पेंशनर समाज जिला शाखा सुपौल की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ भवन में आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिला सभापति सत्यनारायण चौधरी ने की, इसमें बड़ी संख्या में पेंशनरों ने भाग लिया. बैठक में वक्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार पर वर्षों से पेंशनरों की मूलभूत व संवैधानिक मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. नेताओं ने सरकार को कर्मचारी, पदाधिकारी और पेंशनर विरोधी बताते हुए दोहरे चरित्र का आरोप भी लगाया. पेंशनर समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि पेंशनर अपने जीवन का बड़ा हिस्सा देश और राज्य की सेवा में समर्पित करते हैं, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ता है. कई वर्षों से लंबित मांगों को लेकर सरकार से बार-बार आग्रह किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. जिससे पेंशनरों में भारी आक्रोश है. बैठक में प्रमुख मांगों में कोरोना काल में रोकी गयी महंगाई भत्ता की तीन किस्तों का भुगतान, वरिष्ठ नागरिकों को रेल, बस और हवाई यात्रा में दी जाने वाली 50 प्रतिशत छूट की बहाली, 80 वर्ष की आयु पर 20 प्रतिशत पेंशन बढ़ोतरी की नीति में बदलाव कर हर पांच वर्ष पर 5 प्रतिशत वृद्धि लागू करने, आयुष्मान कार्ड की पात्रता उम्र 70 से घटाकर 60 वर्ष करने तथा सर्वोच्च न्यायालय का पुरानी पेंशन योजना संबंधी आदेश के आलोक में पुरानी पेंशन योजना को तत्काल लागू करने की मांग शामिल रही. इसके साथ ही बैठक में सांसदों और विधायकों को मिलने वाली बहु-पेंशन व्यवस्था को समाप्त करने की भी जोरदार मांग उठायी गयी. वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है, तो पेंशनर समाज व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा. बैठक में जिला प्रशासन से सुपौल में पेंशनर समाज के लिए कार्यालय, सभा और आवास हेतु भूखंड या खाली सरकारी भवन आवंटित करने की मांग भी की गयी. साथ ही जिन प्रखंडों और अनुमंडलों में संगठन का गठन नहीं हुआ है, वहां जल्द कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया. बैठक में सत्यनारायण चौधरी, माधव प्रसाद सिंह, सीताराम यादव, किशोर कुमार पाठक, विन्देश्वरी प्रसाद यादव, सुनील कुमार सिंह, नारायण ऋषीदेव, नारायण पौद्दार, खगेश्वर यादव, केडी सिंह, शिवनारायण पासवान, मो जियाउल्लाह, देवेन्द्र केशरी, गंगा चौधरी, परमेश्वरी पासवान, लीलाधर झा, रामचन्द्र झा (फौजी), राजेन्द्र महतो, कुमदानन्द मंडल व कृष्ण कांत झा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन