विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति मौत, पिता ने हत्या का लगाया आरोप

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रारंभिक जांच के दौरान मृतका के गर्दन पर गहरे निशान पाए गए
– पुलिस जांच में मृतका के गले में मिला गहरे जख्म का निशान – घटना स्थल पर बिखड़ा मिला टूटी चूड़ी व हेयर बैंड त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के लालपट्टी वार्ड 17 स्थित कृषि फॉर्म के समीप शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थिति में एक विवाहिता की मौत हो गई. मृतका की पहचान जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पूरब निवासी रौशन कुमार की 27 वर्षीया पत्नी उषा कुमारी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया. बताया जाता है कि रौशन कुमार अपनी पत्नी उषा कुमारी और दो बच्चों के साथ लालपट्टी वार्ड नंबर 17 में कृषि फॉर्म के समीप ननिहाल में घर बनाकर रहते थे. पति-पत्नी अपने घर के दरवाजे पर ही बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. शुक्रवार की सुबह जब पड़ोसी किसी काम से उषा कुमारी के घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वह कमरे में बेड पर अचेत अवस्था में पड़ी हुई हैं. जबकि उनके पति घर पर मौजूद नहीं थे. यह दृश्य देखते ही पड़ोसी हैरान रह गए. आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. देखते ही देखते लोगों की भीड़ ईकट्ठा हो गई. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रारंभिक जांच के दौरान मृतका के गर्दन पर गहरे निशान पाए गए, जो प्रथम दृष्टया फांसी लगाए जाने की ओर संकेत कर रहा है. हालांकि जिस कमरे में शव मिला,उसके बगल वाले कमरे और बरामदे पर में मृतका के हेयर बेंड और हाथों की कई चूड़ियां टूटी हुई और बिखरी पड़ी मिली. जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. छह साल पूर्व हुई थी शादी बताया कि मृतका का शादी करीब छह वर्ष पूर्व रौशन कुमार से हुई थी. मृतका के पिता फुलेंद्र यादव ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री की हत्या की गई है. परिजनों के अनुसार उषा कुमारी के पति और अन्य दो लोगों ने मिलकर गला घोंटकर उसकी हत्या की है. बताया जा रहा है कि घटना के दौरान उनका बच्चा रोते-चिल्लाते रहा. परिवार के मुताबिक मृतका के बच्चों ने बताया कि उनके पिता के साथ दो अन्य व्यक्ति भी थे,जो उनकी मां का गला दबा रहे थे. उसके साथ मारपीट कर रहे थे. किसी बात को लेकर पति – पत्नी के बीच विवाद हुआ था. मौत मामले की हर एंगल से की जा रही है जांच: एसडीपीओ घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ विभाष कुमार भी घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. एसडीपीओ ने बताया कि विवाहिता की मौत मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है. घटना स्थल पर दो सदस्यीय एफएसएल टीम पहुंची. जो घटना को लेकर साक्ष्य ईकठ्ठा कर रही है. घटना से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतका के पिता फुलेंद्र यादव एवं माता मंजुला देवी पुत्री की मौत से बदहवास हैं. मृतका को 06 वर्षीय पुत्र गगन कुमार एवं 02 वर्षीय पुत्री ऋषिका कुमारी हैं. जो अपनी मम्मी को खोज रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




