प्रतापगंज-छातापुर मुख्य सड़क पर जानलेवा गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा, लोग बोले- अब कब जागेगा विभाग

प्रतापगंज गोल चौक से छातापुर जाने वाली मुख्य सड़क पर बना जानलेवा गड्ढा
Supaul News: सुपौल जिले में प्रतापगंज-छातापुर मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति हादसों का सबब बन रही है. बारिश के पानी से भरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं.
प्रतापगंज (सुपौल) से सरोज कुमार महतो की रिपोर्ट
Supaul News: सुपौल जिले के प्रतापगंज-छातापुर मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है. आरडब्ल्यूडी के अधीन आने वाली इस सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे बारिश के बाद पानी से भर गए हैं. इससे वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले दो महीनों में कई ई-रिक्शा और बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं. ताजा घटना में यात्रियों से भरा एक ई-रिक्शा पलट गया, जिसमें एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग करते हुए विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं.
शंकर चौक से पेट्रोल पंप तक सबसे अधिक खराब सड़क
प्रतापगंज गोल चौक से छातापुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर शंकर चौक से पेट्रोल पंप तक सड़क सबसे अधिक क्षतिग्रस्त बताई जा रही है. इस पूरे हिस्से में बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं. बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से हर दिन सैकड़ों छोटे और बड़े वाहन गुजरते हैं. सबसे ज्यादा परेशानी ई-रिक्शा, ऑटो, बाइक और साइकिल चालकों को होती है.
ई-रिक्शा पलटा, बच्चा गंभीर रूप से घायल
मंगलवार को पेट्रोल पंप के पास बने गहरे गड्ढे में एक यात्रियों से भरा ई-रिक्शा फंसकर पलट गया. हादसे में एक बच्चा ई-रिक्शा के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं.
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले दो महीनों में इसी स्थान पर चार से पांच ई-रिक्शा पलट चुके हैं. इसके अलावा कई बाइक सवार और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं भी गिरकर घायल हो चुके हैं.
स्कूल जाने वाले छात्रों के लिए भी बढ़ा खतरा
इस सड़क से प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं साइकिल के माध्यम से स्कूल और कॉलेज पहुंचते हैं. सड़क की खराब हालत के कारण उन्हें सबसे अधिक जोखिम उठाना पड़ रहा है. अभिभावकों का कहना है कि बारिश के दिनों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
Supaul News: सुरजापुर बाजार और पुराने प्रखंड कार्यालय मार्ग की हालत भी खराब
सिर्फ शंकर चौक ही नहीं, बल्कि सुरजापुर पंचायत के बीच बाजार के पास भी सड़क पर बड़े गड्ढे बन चुके हैं. वहीं पेट्रोल पंप से पुराने प्रखंड कार्यालय जाने वाली करीब 200 से 300 मीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. इस हिस्से में वाहन चालकों को काफी सावधानी के साथ गुजरना पड़ता है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है. न तो गड्ढों की भराई कराई गई और न ही दुर्घटना से बचाव के लिए किसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं.
लोगों ने उठाए सवाल, विधायक ने दिया आश्वासन
ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों ने प्रतापगंज गोल चौक से झुनकी चौक तक पूरी सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो भविष्य में बड़े हादसे हो सकते हैं.
इस मामले पर स्थानीय विधायक सोनम सरदार ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति उनके संज्ञान में है. संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे और जल्द ही सड़क की मरम्मत कराकर लोगों को राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल
Also Read: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










