ePaper

छह दिनों बाद राघोपुर में पहुंचा गैस का ट्रक, एजेंसी पर उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़

Updated at : 09 Mar 2026 6:32 PM (IST)
विज्ञापन
छह दिनों बाद राघोपुर में पहुंचा गैस का ट्रक, एजेंसी पर उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़

प्रखंड क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से चल रहे घरेलू रसोई गैस संकट के बीच सोमवार को कुछ राहत भरी खबर सामने आई.

विज्ञापन

राघोपुर. प्रखंड क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से चल रहे घरेलू रसोई गैस संकट के बीच सोमवार को कुछ राहत भरी खबर सामने आई. गणपति एचपी गैस सेवा केंद्र के गोदाम पर करीब छह दिनों के लंबे इंतजार के बाद गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक पहुंचा. ट्रक में कुल 504 सिलिंडर लाए गए थे. गैस आने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी के गोदाम पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गयी. जानकारी के अनुसार राघोपुर प्रखंड में करीब 32 हजार गैस उपभोक्ता हैं. पिछले छह दिनों से गैस की आपूर्ति लगभग ठप रहने के कारण हजारों परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. कई घरों में गैस खत्म हो जाने के कारण लोगों को मजबूरन लकड़ी के चूल्हे, कोयला और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा था. इससे खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही थी. सोमवार सुबह जैसे ही गैस ट्रक के पहुंचने की खबर फैली, उपभोक्ता सुबह सात बजे से ही गैस एजेंसी के बाहर पहुंचने लगे. कुछ ही देर में वहां लंबी कतार लग गई और लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती चली गयी. गैस लेने के लिए उमड़ी भीड़ को देखकर पुराने दिनों की यादें ताजा हो गयी, जब वर्षों पहले सिलेंडर के लिए लोगों को घंटों लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ता था. सोमवार को एजेंसी परिसर में भी लगभग वैसा ही नजारा देखने को मिला, जहां हर कोई अपनी बारी का इंतजार करता नजर आया. भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए राघोपुर पुलिस को मौके पर बुलाया गया. पुलिस की मौजूदगी में उपभोक्ताओं को लाइन में लगाकर क्रमवार तरीके से गैस सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की अफरा-तफरी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो. गणपति एचपी गैस सेवा के मैनेजर दिलीप सेन ने बताया कि गैस प्लांट से पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर की आपूर्ति नहीं होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है. उन्होंने बताया कि छह दिनों बाद प्लांट से गैस की गाड़ी आई है, जिसमें 504 सिलिंडर पहुंचे हैं. एजेंसी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है. उनका कहना है कि उपभोक्ताओं की संख्या काफी अधिक है, इसलिए सभी को तुरंत सिलिंडर मिल पाना संभव नहीं है. जैसे-जैसे गैस प्लांट से सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ेगी, स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है. फिलहाल एजेंसी परिसर में गैस लेने के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई है और उपभोक्ता अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन