SUPAUL : गणपति मैरेज हॉल के पीछे चल रहा था हथियार व नशे का खेल, आठ बदमाश गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
SUPAUL : गणपति मैरेज हॉल के पीछे चल रहा था हथियार व नशे का खेल, आठ बदमाश गिरफ्तार

सदर थाना पुलिस ने रविवार की शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद क्षेत्र स्थित गणपति मैरेज हॉल के पीछे अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी कर हथियारों के साथ आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है.

विज्ञापन

सुपौल से विकास कुमार की रिपोर्ट :

सदर थाना पुलिस ने रविवार की शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद क्षेत्र स्थित गणपति मैरेज हॉल के पीछे अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी कर हथियारों के साथ आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से देशी कट्टा, पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोबाइल और नकद रुपये बरामद किए हैं. गिरफ्तार युवकों ने पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गणपति मैरेज हॉल के पीछे कुछ युवक हथियार लेकर जमा हुए हैं और किसी बड़ी घटना की तैयारी कर रहे हैं. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार की संध्या करीब 7:30 बजे अर्धनिर्मित पक्के मकान में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने फुलेन्द्र कुमार, बलराम कुमार, अभय कुमार एवं सुभाष कुमार को मौके से गिरफ्तार किया. तलाशी लेने पर इनके पास से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल और 2500 रुपये नकद बरामद किए गए.

आरोपितों ने छिनतई, झपटमारी करने की बात स्वीकार की

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोग अक्सर उक्त स्थान पर इकट्ठा होकर कॉरेक्स और स्मैक का सेवन करते थे. साथ ही आसपास के इलाकों में छिनतई, झपटमारी और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे. आरोपियों ने यह भी बताया कि हथियारों की खरीद-बिक्री और आपराधिक वारदात की योजना बनाने के लिए वे सभी वहां जमा हुए थे.

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार, विक्रम यादव, रंजीत कुमार और राजकुमार मुखिया को भी गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ.

बरामद सामान

बदमाशों के पास से एक कट्टा, दो देशी पिस्टल, दो कारतूस, तीन मोबाइल व 2500 रुपये नकद बरामद किया गया है. पुलिस ने इस मामले में सुपौल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है.

कई आरोपितों का रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पूर्व से भी संगीन मामले दर्ज हैं. किसी पर आर्म्स एक्ट तो किसी पर हत्या, मारपीट, चोरी और मद्यनिषेध कानून के तहत केस दर्ज हैं.

गिरफ्तार आरोपित

फुलेन्द्र कुमार, बलराम कुमार, अभय कुमार, सुभाष कुमार, अशोक कुमार, विक्रम यादव, रंजीत कुमार और राजकुमार मुखिया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध और नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा शहर में आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन