सुपौल में 150 साल पुराना वो दरबार, जहां मां दुर्गा के चरणों से कोई भक्त खाली नहीं लौटता

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 24 May 2026 7:05 AM

विज्ञापन

गणपतगंज दुर्गा मंदिर

Aaj Ka Darshan : सुपौल के गणपतगंज दुर्गा मंदिर की कहानी, जहां आज भी सुनाई देती है घुंघरुओं की दिव्य आवाज

विज्ञापन

Aaj Ka Darshan : राघोपुर (सुपौल) से आशुतोष झा की रिपोर्ट: सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड स्थित गणपतगंज बाजार का सार्वजनिक दुर्गा मंदिर सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करीब 150 वर्षों से लोगों की आस्था, विश्वास और चमत्कारों का केंद्र बना हुआ है. मान्यता है कि जो भी भक्त सच्चे मन से मां दुर्गा के दरबार में पहुंचता है, उसकी हर मनोकामना पूरी होती है. यही वजह है कि यहां सालभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है और कोई भी भक्त मां के दरबार से खाली हाथ नहीं लौटता.

आस्था से जुड़ी है 150 वर्षों की विरासत

गणपतगंज का यह प्राचीन दुर्गा मंदिर इलाके की धार्मिक पहचान माना जाता है. मंदिर पूजा समिति के वरिष्ठ सलाहकार सह कमेटी सदस्य उद्योतचंद कोठारी उर्फ बाबला बाबू बताते हैं कि इस मंदिर की स्थापना करीब 150 वर्ष पूर्व तत्कालीन हरावत राज के जमींदार गणपत सिंह और नरपत सिंह ने कराई थी.शुरुआत में यह मंदिर देवीपुर पंचायत के कोरियापट्टी गांव में स्थित था.

लेकिन उस समय सड़क मार्ग की स्थिति बेहद खराब थी और रियासत मुख्यालय से दूरी भी अधिक थी. इसी कारण लगभग 116 वर्ष पहले मां दुर्गा की प्रतिमा को गणपतगंज लाकर स्थापित किया गया. इसके बाद से मंदिर की ख्याति लगातार बढ़ती चली गई और यह पूरे इलाके की आस्था का बड़ा केंद्र बन गया.

जब मंदिर परिसर में सुनाई देती है दिव्य ध्वनि

स्थानीय लोगों के बीच इस मंदिर को लेकर कई रहस्यमयी और चमत्कारी कथाएं भी प्रचलित हैं. ग्रामीणों का दावा है कि कई बार देर रात मंदिर परिसर में मां के चरणों में घुंघरुओं की छनक और ढोल-नगाड़ों की दिव्य आवाजें सुनाई देती हैं. श्रद्धालु इसे मां दुर्गा की विशेष कृपा और चमत्कार मानते हैं.

यही कारण है कि आसपास के गांवों के अलावा दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां माथा टेकने पहुंचते हैं. सामान्य दिनों में भी मंदिर परिसर में भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ रहती है, जबकि शारदीय नवरात्र और दशहरा के दौरान यहां श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ता है.

श्रद्धा, विश्वास और भक्ति का जीवंत केंद्र

गणपतगंज दुर्गा मंदिर आज भी लोगों की आस्था को जीवित रखे हुए है. यहां आने वाले श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां दुर्गा अपने भक्तों की हर मुराद सुनती हैं. शायद यही वजह है कि समय बदलने के बावजूद इस मंदिर की लोकप्रियता और श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है.

Also Read: अब खत्म होगी आनंद मोहन की नाराजगी, चेतन को सीएम सम्राट ने दी ये जिम्मेदारी, मिलेगा उप मंत्री का दर्जा

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन